Mohit Agrwal Varanasi
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी कचहरी परिसर (District Court Varanasi) और आसपास के इलाकों में अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरूवार, (19 मार्च) को निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि अब बेतरतीब खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और वाहनों को केवल निर्धारित ग्रीन लाइन के भीतर ही पार्क करना होगा।
इस दौरान पुलिस आयुक्त अग्रवाल ने कचहरी क्षेत्र की संवेदनशील सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस और पार्किंग ठेकेदारों को निर्देश दिया कि सड़कों से तत्काल अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
मोहित अग्रवाल ने कहा कि कचहरी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वकील, मुकदमेबाज और आम नागरिक आते हैं। ऐसे में यहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
चालान और सख्त कार्रवाई के निर्देश
पत्रकारों से बातचीत में पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इसे और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर चालान भी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सर्किट हाउस परिसर के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इसके तहत करीब 1500 अतिरिक्त वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे कचहरी क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि इस कार्यवाई से आने वाले दिनों में कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव एवं स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा।
