Devendra Fadnavis
नेटवर्क महानगर/नागपुर
आज पूरे महाराष्ट्र में मराठी नववर्ष और ‘गुड़ी पड़वा’ का उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। हर साल की तरह, इस साल भी कई जगहों पर शोभा यात्राएं आयोजित की गई। कई बड़े राजनेता और मशहूर फ़िल्मी हस्तियां भी इन शोभायात्राओं में हिस्सा लेते हुए और पूरे उत्साह के साथ नए साल का स्वागत करते हुए नज़र दिखाई दिए।
राज्य के मुखिया देवेंद्र फडणवीस ने भी इस शोभायात्रा में हिस्सा लिया और मराठी नववर्ष के संकल्प के बारे में बात की। सीएम फडणवीस ने कहा कि मैं सभी हिंदुओं को हिन्दू नववर्ष और ‘गुड़ी पड़वा’ की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ। हम सभी इस दिन को बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। एक बहुत ही शानदार शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। यहां ज़बरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हमारी माताएं, बहनें और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में नज़र आ रहे हैं। साहसिक खेल-कूद का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। हर तरफ़ खुशी और उल्लास का माहौल है। इसीलिए मैं हर साल इस शोभायात्रा में शामिल होने आता हूं। यहां की भव्यता देखकर मेरा मन प्रसन्न हो जाता है।



वहीं, सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी ने गुड़ी पड़वा के अवसर पर सुबह मुंबई स्थित सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर गुड़ी की पूजा की और मराठी नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। अमृता फडणवीस ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस आज नागपुर में होने की वजह से नागपुर स्थित अपने आवास पर गुड़ी की पूजा की और उत्साहपूर्वक मराठी नववर्ष का स्वागत किया।
