नेटवर्क महानगर/पिंपरी-चिंचवड
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर्यटन का आनंद लेकर घर लौट रहे तीन युवा दोस्तों की राजस्थान के कोटा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा बुधवार, (18 मार्च 2026) को दिल्ली-मुंबई राजमार्ग पर हुआ, जब लद्दाख से लौटते समय उनकी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर से टकराकर फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे नाले में गिर गई और हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजनों और इलाके में शोक की लहर व्याप्त हो गई। पुलिस का कहना है कि इस यात्रा में एक और दोस्त भी उनके साथ था, लेकिन 17 मार्च को उसे अचानक तबीयत खराब होने के कारण विमान से घर लौटना पड़ा था।
पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी को 10-12 दोस्तों का एक ग्रुप लेह-लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकला था। ये सभी युवक तीन अलग कारों में लेह-लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की लंबी यात्रा कर घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में कराडिया से बालापुरा इंटरचेंज के बीच हुआ। कैथून पुलिस स्टेशन के अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई और फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे गिर गई। जिससे तीनों युवकों को बचने का कोई मौका नहीं मिला। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों को कार में फंसे शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों कारें 8 लेन हाइवे पर थीं और 2 कारें रेस्ट के लिए कुछ दूरी पर रुक गई थीं। आगे चल रही फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार हो गई।
प्रशासनिक मदद से परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
इस घटना पर सांसद श्रीरंग बारणे ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ये युवा कारगिल में बर्फबारी के कारण फंस गए थे, तब उन्हें सुरक्षित निकालने में मदद की गई थी। वहीं, विधायक शंकर जगताप ने केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ से संपर्क कर प्रशासन को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिलवाए हैं। इस घटना से पिंपरी-चिंचवड, वाकड और म्हालुंगे क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की हुई पहचान
कुणाल किरण चोरडिया (25), चिंचवडगांव
मयूरेश पांडुरंग पडाले (23), म्हालुंगे पाडाले, मुल्शी
सिद्धांत रमेश आल्हाट (21), वाकड
