Ashwini Bhide BMC news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 10 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। सरकार ने मेट्रो वुमन के तौर पहचान रखने वाली अश्विनी भिड़े को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) का कमिश्नर बनाया है। सीएम कार्यालय में तैनात तेजतर्रार आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े मुंबई की पहली महिला बीएमसी आयुक्त बनी हैं तो वहीं इसके साथ ही 10 आईएएस के कामकाज में बदलाव हुआ है। अश्विनी भिड़े की नियुक्ति के साथ ही बीएमसी में सर्वोच्च पदों पर महिला राज हो गया है। इसी साल बीजेपी की नगरसेविका रितू तावड़े बीएमसी की नई मेयर बनी थीं। अश्विनी भिड़े महाराष्ट्र के वरिष्ठ नौकरशाह भूषण गगराणी की सेवानिवृत्ति के बाद के इस पर नियुक्त हुई हैं। अश्विनी भिड़े के पास मुंबई मेट्रो के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा। उनके स्थान पर 1993 बैच के वरिष्ठ अधिकारी लोकेश चंद्रा को सीएम का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे का भी तबादला किया गया है। यह उनका 21 साल में 24वां ट्रांसफर हैं।

नवनियुक्त मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने उन्हें बधाई और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, बीएमसी के 160 से अधिक वर्षों के इतिहास में पहली बार नियुक्त महिला कमिश्नर अश्विनी भिड़े ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं!
अश्विनी भिड़े इससे पहले मुख्यमंत्री की अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अश्विनी भिड़े बीएमसी आयुक्त का पदभार संभालने वाली पहली महिला अफसर हैं, खासकर ऐसे समय में जब बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई के कायापलट के लिए कई परियोजनाएं शुरू की हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 10 अफसरों का तबादला किया। इस दौरान 1993 बैच के आईएएस अधिकारी और महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लोकेश चंद्र को मुंबई में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया। 1995 बैच के आईएएस अधिकारी और अतिरिक्त मुख्य सचिव (कृषि) विकास चंद्र रस्तोगी को मुंबई में वित्तीय सुधार, वित्त विभाग और मंत्रालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में तैनात किया गया। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार ने 2047 तक ‘विकसित महाराष्ट्र’ बनने और राज्य की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के अपने विजन दस्तावेज को जारी किया। 1996 बैच की आईएएस अधिकारी और आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास की प्रधान सचिव विनीता वैद्य सिंघल को मुंबई स्थित मंत्रालय के मृदा एवं जल संरक्षण विभाग की प्रधान सचिव के पद पर तैनात किया गया। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी और मुंबई स्थित नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी परियोजना (पीओसीआरए) के परियोजना निदेशक परिमल सिंह को कृषि विभाग का सचिव बनाया गया। 2005 बैच के आईएएस अधिकारी और दिव्यांग कल्याण विभाग के सचिव तुकाराम मुंडे को मंत्रालय में आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, और राजस्व एवं वन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया।
कौन हैं आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े?
महाराष्ट्र कैडर की 1995 बैच की आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े काफी तेजतर्रार अफसर हैं। वे मुंबई मेट्रो रेल निगम (एमएमआरसीएल) की प्रबंध निदेशक के रूप में अपने कार्यकाल के लिए जानी जाती हैं, जहां उन्होंने मेट्रो नेटवर्क को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिसमें आरे कार शेड परियोजना भी शामिल है। उन्होंने जब यूपीएससी परीक्षा पास की थी तो वह देश की महिलाओं में पहले और ओवरऑल मेरिट लिस्ट में नौवें स्थान पर रही थीं। अश्विनी भिड़े मूल रूप से महाराष्ट्र के सांगली की रहने वाली हैं। भिड़े ने शुरुआती पढ़ाई मराठी मीडियम से की। 25 मई, 1970 को जन्मी अश्विनी भिड़े ने बाद में बीए और इंग्लिश लिटरेचर में एमए की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर मेट्रो-3 (एक्वा लाइन) प्रोजेक्ट को बेहद कठिन चुनौतियों के बीच पूरा किया था। भिड़े का कार्यकाल 2030 तक रहेगा। देश की सबसे धनी बीएमसी के कमिश्नर पद के लिए कई नाम सामने आ रहे थे। इस दौड़ में संजय मुखर्जी, असीम गुप्ता और मिलिंद म्हैस्कर शामिल थे। लेकिन अंतिम रूप से अश्विनी भिड़े ने बाजी मार ली। आईएएस अश्विनी भिड़े को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का विश्वसनीय अफसर माना जाता है। हाल के सालाें में उन्होंने काफी अलग छवि बनाई है। जब महाराष्ट्र में एमवीए सरकार थी और उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे तब उनका मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर टकराव की भी ख़बरें सामने आई थी।
नई तैनाती..
अश्विनी भिड़े, मुंबई बीएमसी कमिश्नर
लोकेश चंद्र, अतिरिक्त मुख्य सचिव, सीएमओ
विकास चंद्र रस्तोगी, ACS,वित्त विभाग (वित्तीय सुधार)
विनीता वैद्य सिंघल, प्रधान सचिव,मृदा और जल संरक्षण विभाग
परिमल सिंह, सचिव (कृषि)
तुकाराम मुंडे, सचिव, आपदा प्रबंधन, R&R, राजस्व और वन विभाग
माणिक गुरसल सचिव, दिव्यांग कल्याण विभाग
लाहु माली, एमडी शिवशाही पुनर्वास परियोजना
प्रेरणा देशमुख, कमिश्नर, मत्स्य पालन विभाग
पृथ्वीराज बीपी (वसई-विरार महानगरपालिका) कमिश्नर
कौन हैं तुकाराम मुंडे?
आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे को ‘वॉटरमैन ऑफ महाराष्ट्र’ अवॉर्ड मिल चुका है। उन्हें ‘द मैन ऑफ ए मिशन’ कहा जाता है। तुकाराम मुंढे को पहली पोस्टिंग सोलापुर में मिली थी। तब उन्होंने अवैध शराब के अड्डों पर रेड मार हड़कंप मचा दिया था। तुकाराम मुंढे को अब तक कई बार धमकियां भी मिल चुके हैं। वह रेत माफिया पर नकेल कसने के चर्चा में आ चुके हैं। उनकी शादी अर्चना मुंडे के साथ हुई है। मुंडे को एक बेटा और एक बेटी है। तुकाराम मुंडे ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला परिषद के स्कूल से की थी। उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई औरंगाबाद से की है। तुकाराम मुंडे ने अपनी ईमानदार छवि से अलग पहचान ब्यूरोक्रेसी में बनाई है।
महाराष्ट्र के बीड जिले से आने वाले तुकाराम मुंडे का जन्म 3 जून, 1975 को हुआ था। वह बीड जिले के तडसोना गांव के रहने वाले हैं। सिविल सेवा में वह 2005 में आए। उन्होंने हिस्ट्री से बीए और फिर पॉलिटिकल साइंस में एमए किया है। तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के वंजारी समुदाय से आते हैं। यह समुदाय ओबीसी वर्ग का हिस्सा है। कभी बेस्ट कलेक्टर का अवॉर्ड हासिल करने वाले तुकाराम मुंढे पिछले कुल सालों से अपने ट्रांसफर के लिए चर्चा में हैं।
