नेटवर्क महानगर/नासिक
नासिक जिले के डिंडोरी तालुका में एक भीषण सड़क हदसा हुआ है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के 6 मासूम बच्चे शामिल हैं। यह हादसा डिंडोरी कस्बे में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे के आसपास हुई। सभी मृतक इंदोरे गांव के बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के इतने लोगों की अचानक मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। हादसे में सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी जान चली गई। मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी है। कुएं में गिरी कार को निकालने के लिए क्रेन मंगाना पड़ा। इसी की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं से कार को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार एक निजी कोचिंग क्लास के कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। कार्यक्रम से लौटते समय अचानक कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। इस भीषण हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों में छह बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी इस हादसे में मौत हो गई।
पुलिस ने दी ये जानकारी?
डिंडोरी के पुलिस निरीक्षक ने बताया कि रात 10 बजे के करीब हमें सूचना मिली कि डिंडोरी गांव के शिवाजी नगर इलाके में आशु राजे के कुएं में एक मारुति XL6 कार पलटकर डूब गई है। हमें आगे यह भी बताया गया कि कार के अंदर आठ से नौ लोग सवार थे और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, हम तुरंत अपने पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हमने कुएं पर दो हाइड्रा क्रेन और कुशल तैराकों को बुलाया। क्रेन की मदद से सभी शवों को रात 12 बजकर 15 मिनट पर निकाला गया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में हिस्सा लिया। फिलहाल, डिंडोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में चालक द्वारा नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
