nagpur crime
नेटवर्क महानगर/नागपुर
नागपुर के वर्धमान नगर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लालच में आकर किया गया एक ‘नेकी का काम’ आखिरकार हत्या में बदल गया। इंजीनियरिंग के तीन छात्रों ने पहले एक नशे में धुत ड्राइवर की मदद करने की पेशकश की और कुछ ही घंटों बाद उसकी लाल रंग की अल्टो कार एवं फ़ोन छीनने के लिए उसकी हत्या कर दी। घटना का पर्दाफाश हुआ तो हर कोई हैरान हो गया। इंजीनियरिंग कर रहे छात्र ऐसा भी कर सकते हैं? पुलिस को भी केस खोलने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इंजीनियरिंग छात्रों के जूतों में पड़े खून के निशान और सीसीटीवी फुटेज ने इस हत्या का राज खोल दिया।
घटना गुरुवार देर रात पूर्वी नागपुर के वर्धमान नगर इलाके में हुई। यहां पर इंजीनियरिंग के तीनों छात्र गुजर रहे थे। उन्होंने फ्लाईओवर पर 44 वर्षीय स्पेयर पार्ट्स सप्लायर सुचित भोजपुरे को अपनी कार के स्टीयरिंग व्हील पर झुकी हुई हालत में देखा था। उन्होंने उसकी गाड़ी को सुरक्षित जगह पर पार्क करने में मदद करने की पेशकश की। तीन इंजीनियरिंग छात्रों की ओर से की गई नेकदिली की कोशिश शुरू में भलाई का काम लग रहा था। परन्तु जल्द ही उनके मन में लालच आ गया। उन्होंने सुचित की कार पर कब्ज़ा करने, उसका मोबाइल चुराने और उसके पास से कैश चुराने के लालच में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
शुक्रवार को खड़गांव रोड पर एक श्मशान घाट के पास झाड़ियों में 44 वर्षीय स्पेयर पार्ट्स सप्लायर सुचित भोजपुरे का नग्न शव मिला। सुचित का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। इधर सुचित के पिता उपासराव ने उनके घर लौटने पर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट पर पुलिस ने का करते हुए पाया कि वह लावारिस लाश सुचित की ही थी। कवाडी पुलिस थाना क्षेत्र में शव मिलने के महज़ 12 घंटों के भीतर ही पुलिस ने इस हत्या का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी तीनों छात्र BTech के दूसरे वर्ष के छात्र थे। आरोपियों के नाम आर्यन शेंडे (22),ऋषभ कांबले (20) और अनुज रमेश (19) हैं। आर्यन कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा है और वेंकटेश कॉलोनी में किराए पर रहता है। ऋषभ बेल्टारोडी का रहने वाला है और मैकेनिकल इंजीनियरिंग का छात्र है। वहीं अनुज भी मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है और कलामना का निवासी है।
पुलिस को जिस बात ने सबसे ज़्यादा चौंकाया, वह यह थी कि भले ही हत्या का मकसद सुचित भोजपुरे की कार और उनके दो महंगे मोबाइल फोन चुराना था, लेकिन ये तीनों छात्र संपन्न परिवारों से आते थे और आसानी से इन विलासिता की चीज़ों को खरीद सकते थे। जहां कांबले का बेल्टारोडी में अपना एक बंगला है, वहीं आर्यन के पिता एक ज़िला परिषद स्कूल में शिक्षक हैं और उसकी मां नागपुर नगर निगम में कार्यरत हैं।
नागपुर पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात की है। तीनों छात्र कलामना स्थित अनुज के घर जा रहे थे और उन्होंने वर्धमान नगर के एक फ्लाईओवर पर एक लाल रंग की कार को खतरनाक ढंग से खड़ा देखा। जब उन्होंने देखा कि ड्राइवर नशे में धुत होकर स्टीयरिंग व्हील पर बेसुध पड़ा है, तो उन्होंने उससे पूछा कि क्या वे उसकी गाड़ी को सुरक्षित जगह पर पार्क करने में उसकी मदद कर सकते हैं।
पति को देखकर भड़क गई थी पत्नी
गाड़ी चलाने में असमर्थ सुचित भोजपुरे ने छात्रों से अनुरोध किया कि वे उसे थोड़ी दूर तक छोड़ दें। जब कांबले ने गाड़ी की कमान संभाली, तो भोजापुरे ने उनसे अनुरोध किया कि वे उसे एक डिलीवरी देने के लिए भिवापुर तक ले चलें। पुलिस के अनुसार, काम पूरा होने के बाद भोजापुरे ने उनसे गुहार लगाई कि वे उसे वाडी में बाबा त्रिमूर्ति नगर के पास स्थित उसके घर तक छोड़ दें। छात्रों ने उसकी पत्नी को फ़ोन किया, जिसने शुरू में उनसे कहा कि उसे घर ले आओ। लेकिन, जब वे बंद घर पर पहुंचे और उसे दोबारा फ़ोन किया, तो उसने गुस्से में पूछा कि वे उसके शराबी पति को वापस क्यों ले आए? उसकी पत्नी की इस प्रतिक्रिया से छात्रों को यकीन हो गया कि शायद इस आदमी से कोई प्यार नहीं करता।
युवकों ने ऐसे की सुचित की हत्या?
पुलिस ने बताया कि लालच में आकर, तीनों ने भोजपुरे की हत्या करने का फ़ैसला किया, उसकी कार चुराई, उसकी नंबर प्लेट और रंग बदला, और उसे अपने पास रख लिया। वे एक श्मशान घाट के पास एक सुनसान जगह पर गए, उसे कार से बाहर खींचा, और पत्थरों से उसका सिर कुचल दिया। उसकी पहचान छिपाने के लिए, उन्होंने उसके कपड़े उतार दिए, उसके नग्न शरीर को झाड़ियों में फेंक दिया, और कार और दो मोबाइल लेकर भाग गए।
ऐसे हत्या का हुआ खुलासा?
क्राइम ब्रांच ने, सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर भेदोडकर और उनकी टीम के नेतृत्व में, एडिशनल सीपी वसंत परदेशी, डीसीपी राहुल मकनिकर और एसीपी अभिजीत पाटिल की देखरेख में, शव मिलने के बाद तुरंत जांच शुरू कर दी गई। टेक्निकल सर्विलांस, CCTV फ़ुटेज और कॉल रिकॉर्ड की मदद से संदिग्धों का पता लगाया गया, खासकर आर्यन का, क्योंकि उसने भोजपुरे की पत्नी को फ़ोन किया था। उसे नंदनवन में कॉलेज कैंपस से उठाया गया, और पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को हत्या की जगह पर ले गया। बाद में पुलिस को भोजपुरे की कार अनुज के घर के पास खड़ी मिली। तीनों छात्रों के ख़िलाफ़ हत्या का मामला (FIR) दर्ज किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
