Nanded-Waghala City Municipal Corporation News
नेटवर्क महानगर/नांदेड़
महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां नाले में डूबने से चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई। चारों बच्चों की उम्र 8 से 12 साल के बीच की बताई जा रही है। ये बच्चे स्कूल से घर लौटते समय नाले के गड्ढे में तैरने के लिए उतरे थे। इस दौरान बच्चों को गड्डे की गहराई का अंदाजा नहीं था। जिससे एक-एक करके सभी बच्चे गड्ढे में डूब गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ शहर के देगलुर नाका क्षेत्र में गुरूवार दोपहर करीब 12 बजे नाले के पानी में डूबकर चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई। नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी वजह से ठेकेदार ने गड्ढा खुदवाया था। घटना के बाद नांदेड़ नगरपालिका प्रशासन के अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें कि ये सभी बच्चे देगलूर नाका क्षेत्र के इस्लम्पुरा इलाके के रहने वाले थे। स्कूल के बाद घर लौटते समय हारुनबाग इलाके में एक बड़े गड्ढे में पानी जमा था। बच्चे तैरने के लिए पानी में उतरे, पानी काफी गहरा था। जिससे बच्चों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और एक के बाद एक चारों बच्चे पानी में डूब गए।
घटनास्थल से बच्चों की चप्पलें, जूते और यूनिफॉर्म बरामद हुई हैं। बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा एक निजी ठेकेदार के माध्यम से इस इलाके में नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। साथ ही, किनारे पर प्लॉटिंग का काम भी हो रहा है। फिलहाल, यह गड्ढा किसने खोदा, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद से बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गड्ढे को खोदकर ऐसे ही छोड़ दिया गया था यहां कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया, जिसके कारण ये हादसा हुआ।
