mumbai local train news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई उपनगरीय रेलवे में अब एक बड़ा और अहम बदलाव होने जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे जल्द ही देश की पहली बंद दरवाजों वाली नॉन-एसी लोकल ट्रेन को ट्रायल के लिए उतारने की तैयारी में है। यह नई पहल खास इसलिए है क्योंकि अब तक ऑटोमैटिक दरवाजों की सुविधा केवल एसी लोकल ट्रेनों में ही देखने को मिलती थी. लेकिन अब पहली बार नॉन-एसी लोकल ट्रेन में भी क्लोज्ड-डोर सिस्टम लगाया गया है, जिससे लोकल में सफर करना पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकेगा।
बता दें कि मुंबई लोकल में अक्सर खुले दरवाजों के कारण गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं, ऐसे में यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस लोकल ट्रेन में ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग सिस्टम दिया गया है, यानी ट्रेन चलने के दौरान दरवाजे पूरी तरह बंद रहेंगे।

गर्मी में कैसे मिलेगी राहत?
चूंकि यह ट्रेन एसी नहीं है, इसलिए इसमें खास ”फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम” लगाया गया है। यह सिस्टम बाहर की ताज़ा हवा को कोच के अंदर सर्कुलेट करेगा, जिससे यात्रियों को घुटन महसूस नहीं होगी और तापमान संतुलित बना रहेगा। यानी बिना एसी के भी सफर आरामदायक बनाने की कोशिश की गई है।
मिलेंगी ये एडवांस सुविधाएं?
नई लोकल ट्रेन को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
टॉक-बैक सिस्टम- यात्री सीधे गार्ड या मोटरमैन से संपर्क कर सकेंगे
LED लाइटिंग- बेहतर और स्पष्ट रोशनी
GPS आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम- अगले स्टेशन की सटीक जानकारी
बेहतर सीटिंग डिजाइन- अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव
कहां तैयार हुई है ट्रेन?
इस अत्याधुनिक लोकल ट्रेन का निर्माण Integral Coach Factory, चेन्नई में किया गया है। जल्द ही इसे मुंबई के सबअर्बन ट्रैक पर ट्रायल रन के लिए उतारा जाएगा।
किराए को लेकर क्या स्थिति?
फिलहाल, किराए को लेकर रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, संकेत मिल रहे हैं कि यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए किफायती रखी जाएगी और इसका किराया मौजूदा सेकंड या फर्स्ट क्लास के आसपास ही हो सकता , यानी एसी लोकल से सस्ता।
आगे क्या होगा?
मिली जानकारी के मुताबिक, यदि ट्रायल सफल रहता है, तो भारतीय रेल इस तरह की और ट्रेनों को मुंबई नेटवर्क में शामिल कर सकता है। इससे पूरे सिस्टम को धीरे-धीरे ज्यादा सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। कुल मिलाकर, बंद दरवाजे, बेहतर वेंटिलेशन और आधुनिक सुविधाओं के साथ मुंबई लोकल का सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित, व्यवस्थित और आरामदायक होने की ओर बढ़ रहा है।
