Palghar Crime News
नेटवर्क महानगर/पालघर
महाराष्ट्र के पालघर से एक युवती पर दिनदहाड़े जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शहर के गोल्ड सिनेमा परिसर में गुरुवार शाम एक युवती पर दिनदहाड़े कोयते से जानलेवा कर हमलावर ने युवती की गर्दन और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना गुरुवार, (11 जून) की शाम 6:30 से 7:30 बजे के बीच बताई जा रही है। इस हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हमले में घायल हुई युवती का नाम स्नेहल सावंत (27) बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए पालघर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे बोइसर शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। घायल युवती पालघर जिला कलेक्टर कार्यालय के राजस्व विभाग में कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। इस हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक कोर्ट में शिपाई के पद पर कार्यरत है।
घटना की सूचना मिलते ही पालघर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक अनंत पराड अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, लेकिन हमले के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुए इस जानलेवा हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश करने में जुटी है।
