नेटवर्क महानगर/भिवंडी
भिवंडी के राजलक्ष्मी कंपाउंड इलाके में कथित अनाधिकृत गोदामों के खिलाफ मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने भारी पुलिस बंदोबस्त के साथ बुलडोजर चलाकर कई संरचनाओं को ध्वस्त करना शुरू किया। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद और अवैध निर्माण के आरोपों के बाद की गई है। एमएमआरडीए के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित गोदामों को बिना आवश्यक मंजूरी के बनाया गया था, जिस पर पहले भी नोटिस जारी किए गए थे।
इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह से कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई से व्यापारियों और गोदाम संचालकों में चिंता का माहौल है। कई लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां कारोबार कर रहे थे और अचानक हुई कार्रवाई से उनका काम प्रभावित होगा।
वहीं, एमएमआरडीए का कहना है कि यह कदम कोर्ट के निर्देशों के तहत और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उठाया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति बने सभी अवैध ढांचों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से भिवंडी के बड़े वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स हब पर असर पड़ने की चर्चा गरम है।
