नेटवर्क महानगर/ईटानगर
अरुणाचल प्रदेश से एक दुखद खबर सामने आई है। राज्य के ईस्ट कामेंग जिले में शनिवार, (13 जून) को भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना में मारे गए लोग असम के लखीमपुर जिले के बताए जा रहे हैं, जो एक यात्रा वाहन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियत्रित होकर खाई में गिर गया। इस दुखद घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जैसे ही हादसे की खबर लखीमपुर पहुंची, पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रिश्तेदार मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को लेकर बताया कि ये हादसा ईटानगर-सेप्पा मार्ग पर तातारा गांव के समीप, सेप्पा कस्बे से कुछ किलोमीटर पहले हुआ है। इस दुर्घटना के समय वाहन तातारा गांव के पास था, जो सेप्पा कस्बे से कुछ ही किलोमीटर पहले हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पहाड़ी सड़क पर एक मोड़ में चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद वाहन सीधे गहरी खाई में पलट गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम और बचाव दल पहुंचे। इसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरु किया गया। मौके पर चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया।
मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान हो गई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में अमजद अली, बुलबुल अली, नूर हुसैन, सईदुल इस्लाम और अबुल हुसैन का नाम है। इसके साथ यह भी कहा जा रहा है कि ये सभी मृतक असम के लखीमपुर जिले के नाओबोइचा इलाके के रहने वाले हैं। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि ये सभी युवक इस वाहन में यात्रा कर रहे थे, उसी वक्त यह हादसा हुआ है। यह माना जा रहा है कि संकरी पहाड़ी होने की वजह से वाहन फिसल गया और सीधे खाई में गिर गया।
