BMC WhatsApp
नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मुंबई में अवैध फेरीवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए अपने ‘व्हाट्सएप चैटबॉट’ में नई सुविधा शुरू की है। अब दक्ष नागरिक 8999-22-8999 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से अवैध पथविक्रय (हॉकिंग) से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह सुविधा बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशानुसार और अधिकृत फेरीवालों की जांच व कार्रवाई के लिए शुरू की गई है।
मुंबई महानगरपालिका की आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में नागरिकों की शिकायतों के निवारण के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध फेरीवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का अलग विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
बीएमसी के मुताबिक, नागरिक सड़क, गड्ढों और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें पहले से ही हेल्पलाइन 1916, सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से दर्ज कराते रहे हैं। विभिन्न विभागों की शिकायतों के लिए अलग-अलग प्रणालियों के उपयोग की आवश्यकता को देखते हुए इस वर्ष ‘माय बीएमसी मार्ग’ (MyBMC MARG)-(Management and Redressal of Grievances-MARG) नामक एकीकृत शिकायत प्रबंधन प्रणाली विकसित की गई है।
उच्च न्यायालय ने विशेष रूप से अवैध फेरीवालों से संबंधित शिकायतों के लिए व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके तहत 8999-22-8999 नंबर पर संचालित चैटबॉट में इस संबंध में अलग विकल्प जोड़ा गया है। इस सुविधा का उपयोग करने के लिए आपको उपरोक्त नंबर अपने फोन में सेव करना होगा। अपनी शिकायत में सटीक पता, स्थान (GPS लोकेशन), और अवैध फेरीवालों के अतिक्रमण की तस्वीर अपलोड करनी होगी।
मराठी भाषा में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
नमस्कार → मराठी → नागरिक → नागरी सेवा → तक्रार निवारण → तक्रार सबमिट करा → तक्रार प्रकार → फेरीवाले → बेकायदेशीर फेरीवाल्यांचा उपद्रव → ठिकाण → थेट छायाचित्र
अंग्रेजी भाषा में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
Hi → English → Citizen → Civic Services → Grievance Redressal → Submit a Complaint → Complaint Type → Hawker → Nuisance of Illegal Hawking → Location → Image (Live Photo)
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध फेरीवालों से संबंधित शिकायतें सीधे व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से दर्ज कर इस व्यवस्था का अधिक से अधिक उपयोग करें।
