नेटवर्क महानगर/परभणी
महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी गांव देवस्थान में शनिवार, (20 जून) को एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां प्रख्यात हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं 10 लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का मौहाल बन गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय प्रशासन व ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार की दोपहर हादसे के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद थे। मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की वजह से उन्हें निकालने का काम तेजी से चल रहा है। हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है। आज शनिवार होने की वजह से यहां बड़ी संख्या में हनुमान भक्त दर्शन करने आये थे। घटना के वक्त लोग प्रसाद ले रहे थे। मंदिर के सभा मंडप गिरने की घटना CCTV में कैद हो गई। राहत और बचाव के बीच मौके पर कई एंबुलेंस, आपदा प्रबंधन की टीमें और ज़िला प्रशासन के अलावा पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभा मंडप के नीचे बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए कतारों में खड़े थे, तभी अचानक एक भयानक कड़कड़ाहट के साथ मंडप का मुख्य पिलर मुड़ गया और कंक्रीट की भारी-भरकम छत सीधे भक्तों के ऊपर भर-भराकर गिर गई। कंक्रीट के मलबे के नीचे दबने से लोगों को संभलने या भागने का एक पल भी मौका नहीं मिला। सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत परभणी के जिला अस्पताल और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से कई लोगों के सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं जिसमें 3 मरीजों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
