नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय राउत ने रविवार, (5 जुलाई 2026) को बीजेपी द्वारा दूसरे दलों को तोड़ने की राजनीति पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया है कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धीरज लिंगाडे को दल बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। हालांकि, एमएलसी लिंगाडे ने इस आरोप से इनकार किया है।
संजय राउत ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया और न ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि लिंगाडे को धन की पेशकश किसने की थी और उन्हें किस पार्टी में शामिल होना था?
राउत ने दावा किया कि आप पार्टी कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों को तोड़ रहे हैं, लिंगाडे को 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। यह मेरी जानकारी में है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग यह नहीं समझते कि कहां रुकना है, उनका अंत बहुत दुखद होता है। राउत ने कहा कि यह सभी नेताओं पर लागू होता है। जनप्रतिनिधियों की जोड़-तोड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसी को तो रुकना होगा।
वहीं, पत्रकारों से बातचीत में धीरज लिंगाडे ने ऐसी किसी भी पेशकश से इनकार करते हुए कहा कि वह संजय राउत द्वारा किए गए इस दावे से हैरान हैं। इसके अलावा बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्री गिरीश महाजन ने भी राउत के इस दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राउत काल्पनिक आंकड़ों की बात करते रहते हैं। राउत पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) को इसके बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
