नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी जिले के कछवा रोड पुलिस चौकी के करीब नहर के पास से रविवार, (5 जुलाई) की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर से खून बह रहा था, जबकि उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। सुबह मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों ने युवक का शव देखा तो पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराई और आगे की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा नहर के पास से 30 वर्षीय जग्गू नामक एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। वह एक होटल में काम करता था और उसके सिर के बाल नोच लिए गए थे। वहीं, उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी होने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि जग्गू की शादी 5 महीने पहले ही हुई थी। पुलिस ने बताया है कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। वहीं, जग्गू की बहन गीता ने उसकी शिनाख्त की है।
थाना अध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मौके पर पहुंचकर देखा गया तो युवक के सिर से खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि युवक का बाल लोचा गया है और उसकी पहचान ना हो सके इसलिए उसके चेहरे पर किसी भारी चीज से वार किया गया है। मृतक की बहन ने उसकी शिनाख्त की इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया है कि परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आस-पास का इलाका सुनसान है, फिर भी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकल जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। थाना अध्यक्ष कुशवाहा के मुताबिक, मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन कर दिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
