नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने रविवार, (6 जुलाई) को कहा कि शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के सभी स्कूल कल तक यानी मंगलवार को बंद रहेंगे और यह बंदी एक-दो दिन और बढ़ाई जा सकती है।
मीडिया से बातचीत करते हुए महापौर ने बताया कि प्राइवेट कंपनियों से ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की इजाज़त देने को कहा गया है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि 8-10 जुलाई तक भारी बारिश को देखते हुए नागरिकों को हर आधे घंटे में अलर्ट मैसेज भेजे जा रहे हैं और उनसे घर के अंदर रहने की अपील की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश, तेज़ हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों (हाईटाइड) की भविष्यवाणी को देखते हुए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है। हम नागरिकों को हर आधे घंटे में मौसम से जुड़े अलर्ट भेज रहे हैं और उनसे बाहर न निकलने की अपील कर रहे हैं। बीएमसी के सभी स्कूल आज और कल बंद हैं; इसे एक-दो दिन और बढ़ाया जा सकता है। हमने प्राइवेट कंपनियों से भी ‘वर्क फ्रॉम होम’ की इजाज़त देने को कहा है। लोकल ट्रेन सेवाएं चल रही हैं। पूरा प्रशासन युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। बारिश के कारण लोगों को 8-10 जुलाई तक बाहर जाने से बचना चाहिए, कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
इस बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा आज सुबह 8 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई और उसके उपनगरों में बहुत भारी और लगातार बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, लोगों को कभी-कभी तेज़ हवाओं के लिए भी तैयार रहना चाहिए, जिनकी गति 60-70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। हवा के असर को देखते हुए मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहर में औसतन 105.24 मिमी बारिश हुई है। इस दौरान पूर्वी उपनगरों में औसतन 161.11 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 159.40 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि आज दोपहर 3:56 बजे समुद्र में 4.08 मीटर ऊंची लहरें (हाईटाइड) उठने की उम्मीद है, जिसके बाद रात 10:13 बजे लहरें 1.52 मीटर तक नीचे (लो टाइड) चली जाएंगी। इसके बाद मंगलवार सुबह 04:38 बजे लहरें 3.44 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचेंगी और फिर सुबह 09:59 बजे 1.86 मीटर तक नीचे चली जाएंगी।
समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें!
बारिश के बीच जुहू चौपाटी पर तेज हवाओं के साथ-साथ हाई टाइड के दौरान 13 फीट से अधिक ऊंचाई की लहरें समुद्र में दिखाई दे रही हैं। मुंबई पुलिस ने एहतियात के तौर पर समुद्र किनारे से लोगों को हटा दिया है। यहां 60-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही है।
बता दें कि मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले हफ्ते से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी से अस्त-व्यस्त हो गया है।
