नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी के चेतगंज थाना अंतर्गत आनंद सिनेमा के समीप सर्राफा व्यापारी से हुई पांच लाख की लूट में पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। रविवार की देर रात 2:30 बजे पुलिस ने आठ शातिर अभियुक्तों को रामनगर के लंका मैदान के पास से गिरफ्तार किया है। चेतगंज और रामनगर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस कार्यवाई को अंजाम दिया है। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी और गैंग के सरगना आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी, उसे घायल अवस्था में तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
वहीं, मौके से भाग रहे उसके साथी आशीष मौर्य को पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दौड़ाकर पकड़ लिया। बदमाशों के पास से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद हुई है। यह मुठभेड़ देर रात करीब 2:00 बजे रामनगर थाना क्षेत्र के बंदरगाह के पास हुई। चेतगंज थाना प्रभारी वी.के. शुक्ला और रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेतगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना में शामिल दो संदिग्ध बदमाश रामनगर के भीटी क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने विभिन्न रास्तों पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान तेज कर दी।
एडीसीपी काशी गौरव बांगर ने बताया कि नाका चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षण (आत्मरक्षा) में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश आकाश सेठ के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इस बीच उसका दूसरा साथी आशीष मौर्य मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोच लिया।

कार, बुलेट और पिस्टल बरामद
एडीसीपी बांगर ने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटे गए पांच लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई 1 स्विफ्ट कार, 1 बुलेट मोटरसाइकिल, 1 पिस्टल और 2 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ में घायल हुए मुख्य आरोपी आकाश सेठ (निवासी नवापुरा, दारानगर) का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सिगरा, कोतवाली, वाराणसी और जौनपुर के नेवढ़िया थाने में हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत छह गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी आशीष मौर्य और अमित कुमार का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मिला है।
चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला और रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व वाली इस संयुक्त टीम की बड़ी कामयाबी पर पुलिस उपायुक्त (DCP) काशी जोन ने पूरी टीम को 25 हजार रूपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एडीसीपी ने बताया कि जून महीने में चेतगंज थाना क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना सामने आई थी। घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया था और त्वरित खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया था। टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के गहन अवलोकन से विभिन्न अभियुक्तों को चिन्हित किया गया था, जिनमें आकाश सेठ और आशीष मौर्य के नाम भी सामने आए थे। आज रात नाकेबंदी के दौरान जब इन्हें रोकने का प्रयास किया गया, तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ घायल हुआ है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। बदमाशों के पास से लूट के रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है। जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का परिचित आकाश सेठ ही था। आरोपी प्रद्युम्न यादव और आशीष मौर्य ने मिलकर व्यापारी के आने-जाने के समय की सटीक रेकी की थी और सूचना अपने साथियों से साझा कर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था। इस मामले में अभी तीन अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानें- क्या है पूरा मामला?
लूट की यह वारदात दस दिन पहले (27 जून 2026) को हुई थी। चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग इलाके में 27 जून की रात 12 बजे सोराकुआं थाना चौक निवासी सर्राफा व्यवसाई अमित कुमार के साथ यह वारदात हुई थी। बुलट सहित तीन बाइक से आए चार बदमाशों ने असलहे के बल पर 5 लाख रुपए लूट लिया था। इस दौरान हुई छीना झपटी में बुलट गिर गई थी। जिसके बाद अपराधी उसे छोड़कर वहां से फरार हो गए थे।
अमित ने पुलिस को बताया था कि वह अपने दो मित्रों नदेसर निवासी विजय जायसवाल और अरुण सेठ से पांच लाख रुपए लेकर रात साढ़े 11 बजे अपने दोस्त विकास वर्मा के साथ चौक के लिए निकला था। उन पैसों से जमीन की रजिस्ट्री करानी थी। वह तेलियाबाग बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और धमकाते हुए स्कूटी में आगे रखा झोला ले लिया, उसमें पांच लाख रुपए थे। बदमाशों ने असलहा लहराते हुए गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
आकाश सेठ निवासी: नवापुरा, दारानगर, कोतवाली, वाराणसी (मुठभेड़ में घायल)।
आशीष मौर्य- निवासी: शिवरामपुर, गोसाईं पुर, चोलापुर, वाराणसी।
सिपाही उर्फ विजय यादव – निवासी: बसारिकपुर, चंदौली।
आकाश यादव – निवासी: शास्त्री नगर, चंदौली।
प्रद्युम्न यादव – निवासी: झांसी, चंदौली।
गोविंद मौर्य- निवासी: झांसी थाना, चंदौली।
अमित कुमार – निवासी: गाजीपुर (वर्तमान पता: बसारिकपुर, चंदौली)
जावेद अख्तर – निवासी: नसीरपुर, चंदौली है।
