नेटवर्क महानगर/जौनपुर
जिले के मड़ियाहूं कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला की नृशंस तरीके से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का शव हाईवे के किनारे से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है की शव को एक काले रंग की पॉलिथीन में लपेटा गया था और महिला के हाथ और पैर दोनों ही काट दिए गए थे। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मड़ियाहूं कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुर तिराहे के समीप नेशनल हाईवे के किनारे झाड़ियां से 25 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला की नृशंस तरीके से हत्या कर उसके दोनों हाथ और पैर काट दिए गए हैं। मौके पर काले रंग का लोवर और प्रिंटेड समीज भी पुलिस ने बरामद किया है।
राहगीरों द्वारा पुलिस को जानकारी मिली कि रविवार, (5 जुलाई 2026) की सुबह मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों को सड़क के किनारे एक काले रंग की पॉलिथीन दिखाई दी। लोगों ने आशंका जताई कि इसमें कोई संदिग्ध चीज हो सकती है, इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पॉलिथीन के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ। महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अमित सिंह और फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को देखने से प्रतीत हो रहा है कि महिला की उम्र करीब 25 साल के आस-पास रही होगी। उन्होंने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, इसके साथ ही महिला की शिनाख्त कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
