नेटवर्क महानगर/मुंबई
अंधेरी (पश्चिम) स्थित अंबोली नाका इलाके में शुक्रवार, (10 जुलाई) को हुई सड़क दुर्घटना के बाद डी एन नगर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे में एक महिला पैदल यात्री सहित कई लोग घायल हुए। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी की मौत नहीं हुई है और सभी घायल खतरे से बाहर हैं। आरोपी बस चालक की पहचान साहिल सावंत (30) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद उसे हिरासत में लिया गया और प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना अंधेरी (पश्चिम) के व्यस्त अंबोली नाका क्षेत्र में हुई, जहां उस समय सामान्य दिनों की तरह लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी हुई थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस की टक्कर में एक महिला पैदल यात्री घायल हो गईं, जिनकी पहचान डॉ. साक्षी (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लिया है, जिसे मामले की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
दुर्घटना में कुल छह से 7 लोगों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। केवल एक घायल व्यक्ति ने कूपर अस्पताल में उपचार कराया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उसकी हालत सामान्य पाए जाने पर छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात को सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तेज गति, यातायात नियमों के उल्लंघन या किसी अन्य कारण से हुई। यदि जांच में अतिरिक्त तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
