नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट मामले के मुख्य आरोपी तथा नगरसेवक रमेश म्हात्रे को आज कल्याण जिला न्यायालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया. इस दौरान अदालत ने रमेश म्हात्रे को न्यायिक हिरासत (JDCL) में भेजने का आदेश दिया. वहीं, उनकी ओर से वकील द्वारा जमानत के लिए आवेदन भी दाखिल किया गया है. अब अदालत उनके आवेदन पर क्या फैसला सुनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
बता दें कि शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट मामले में गिरफ्तार नगरसेवक रमेश म्हात्रे को पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद आज कल्याण जिला न्यायालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया. उनके वकील मुजाहिद कुरेशी के मुताबिक, म्हात्रे की तबियत आज ठीक नहीं थी, जिसके कारण उन्हें अदालत में प्रत्यक्ष रूप से पेश नहीं किया गया और वर्चुअल माध्यम से सुनवाई की गई. इससे पहले शुक्रवार को हुई सुनवाई में अदालत ने रमेश म्हात्रे को 4 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था. इस दौरान पुलिस ने जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज उन्हें दोबारा अदालत के समक्ष पेश किया. सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत (JDCL) में भेजने का आदेश दिया.
