नेटवर्क महानगर/ठाणे
पायधुनी पुलिस अंतर्गत इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां इमारत में रहने वाली एक 7 साल की मासूम बच्ची के साथ उसी बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने रेप किया. बताया जा रहा है कि बच्ची वॉशरूम गई थी, तभी आरोपी सिक्योरिटी गार्ड भी उसके पीछे अंदर चला गया और इस वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. परिजनों को मामले की जानकारी मिलने पर उसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज चल रहा है. पुलिस भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
घटना की खबर फैलते ही इलाके के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पायधुनी पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस स्टेशन के सामने सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.
स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर-बुझाकर शांत कराया और सड़क को खाली कराया. इसके बाद ट्रैफिक को सामान्य रूप से चालू कराया गया. पूरे इलाके में सुरक्षा-व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.
आरोपी सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार
पायधुनी पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं जिससे आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके.
