नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे-भिवंडी रोड पर राहनाल गांव की सीमा में सड़क पर बने एक खतरनाक गड्ढे की वजह से हुए हादसे में 46 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। वह रविवार को अपने पति के साथ एक्टिवा से भिवंडी के अंजुरफाटा इलाके में एक फ्लैट देखने जा रही थी। मृतक महिला का नाम सुनीता अक्षयलाल पाल (46) है और वह ठाणे के मनोरमा नगर इलाके की रहने वाली थी। राहनाल गांव के पास कंक्रीट रोड पर गड्ढे थे और उनमें बारिश का पानी जमा हुआ था। तभी दम्पति की एक्टिवा गड्ढे में गिरकर स्किड हो गया। एक्सीडेंट में अक्षयलाल पाल सड़क के किनारे गिर गए, जबकि उनकी पत्नी सुनीता पाल सड़क के बीच में गिर गईं। उसी समय, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें बुरी तरह से कुचल दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में अक्षयलाल पाल घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया और सड़कों की खराब हालत का मुद्दा एक बार फिर सामने आ गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही नारपोली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा करने के बाद बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भिवंडी उपजिला हॉस्पिटल भेज दिया गया। नारपोली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस बीच, भिवंडी शहर और ग्रामीण इलाकों में सड़कों की खराब हालत को लेकर स्थानिक लोगों में आक्रोश और गुस्सा देखने को मिला। लोगों का कहना है कि ऐसे कई कंक्रीट सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश की वजह से उनमें पानी जमा हो जाता है, जिससे ड्राइवरों को उनका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन, अक्सर एक्सीडेंट हो रहे हैं और बेकसूर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इस घटना के बाद गुस्साए रिश्तेदारों और नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन सड़कों पर जानलेवा गड्ढों को तुरंत भर दे, नहीं तो ऐसे हादसे नहीं रुकेंगे, और इसके साथ ही हादसे में घायल परिवार को सरकारी आर्थिक मदद भी मिले।
