नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-11और कांदिवली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन की तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम अली (23) और नावेद (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 651 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ 25 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 3 करोड़ 28 लाख 800 रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, मुंबई और उपनगर में मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश मुंबई पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए हैं। इसी के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-11 और कांदिवली (पश्चिम) की पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 10 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री, जिसकी कीमत करीब 50,800 रुपये है, भी जब्त की। इस तरह पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 28 लाख 800 रुपये है। इस मामले में कांदिवली पुलिस थाने में गु.र.क्र. 110/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है कि यह ड्रग्स कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
इस कार्रवाई को मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह-आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवळे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में क्राइम ब्रांच यूनिट-11 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाळे सहित पुलिस अधिकारियों और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
