राजेश जायसवाल/मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पॉश इलाके से यौन उत्पीड़न की एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसने पूरे शहर की सुरक्षा-व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। यहां के पवई इलाके में एक 28 वर्षीय व्यक्ति ने सामाजिक और धार्मिक मान्यताओं का गलत फायदा उठाकर एक महिला के घर में घुसपैठ की और उसके साथ दुष्कर्म की संगीन वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना मंगलवार, (18 अगस्त 2026) की है, जब आरोपी अनिल शेषराव शिंदे ट्रांसजेंडर के रूप में साड़ी पहनकर इलाके में घूम रहा था। वह पीड़िता के घर के दरवाजे पर पहुंचा और परिवार को बुरी नज़र तथा अनिष्ट से बचाने का झांसा देकर आशीर्वाद देने के बहाने घर के भीतर दाखिल हो गया। पीड़िता ने उसे कोई आम ट्रांसजेंडर या धार्मिक अनुष्ठान करने वाला समझकर घर के अंदर आने दिया, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा बिल्कुल नहीं था कि इस भेष के पीछे एक शातिर अपराधी छिपा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर दाखिल होते ही आरोपी की नियत ख़राब हो जाती है और वह सीधे पीड़िता के बेडरूम में घुस गया। उसने महिला को अकेला पाकर उसे शारीरिक नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे महिला असहाय हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत घटना की जानकारी पवई पुलिस स्टेशन को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पवई पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया। घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस को एक साड़ी पहने संदिग्ध व्यक्ति ऑटो-रिक्शा में बैठकर ठाणे की दिशा में भागते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो के रूट को ट्रैक करते हुए ठाणे इलाके के कळवा (खरेगांव) की एक झुग्गी बस्ती तक उसका पीछा किया। वहां छापेमारी कर पुलिस ने अनिल शेषराव शिंदे को धरदबोचा। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी अनिल शिंदे न केवल ट्रांसजेंडर बनकर लोगों को ठगता था, बल्कि कई बार भिखारी का भेष बदलकर भी विभिन्न बस्तियों और इलाकों में रेकी करता था और उसके बाद अपने मिशन को अंजाम देता था। पवई पुलिस ने इस मामले में यौन उत्पीड़न की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ दर्ज कई अन्य मामलों में पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क?
इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि अनजान व्यक्ति को अपने घर में घुसने से पहले उसकी पहचान जरूर करें और कुछ भी संदिग्ध लगे तो तुरंत 100 पर कॉल करें।
