नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के कुर्ला (पूर्व) इलाके में शुक्रवार, (21अगस्त) तड़के सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कुरैशी नगर स्थित ‘बंटारा भवन’, म्हाडा बिल्डिंग के पीछे एक निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान हाइड्रोलिक क्रेन का एक हिस्सा गिरने से 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सायन अस्पताल और कुर्ला स्थित भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। इस घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार तड़के सुबह करीब 3 बजे हुआ। सेंट्रल रेलवे मुंबई डिवीजन ने बताया कि मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) की ओर से पास के कार्यस्थल पर काम कर रही एक क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर गिर गई। यह लाइन मुख्यतः मालगाड़ियों के लिए उपयोग होती है, इसलिए ट्रेन सेवाओं की आवाजाही पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घटना की जिम्मेदारी एमएमआरडीए ने ली है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह घटना एमएमआरडीए द्वारा किए जा रहे कार्य के दौरान हुई, जिसे क्रेन से संबंधित दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के पीछे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना में 8 से 10 लोग घायल है। हालांकि, किसी के गंभीर चोटिल की सूचना नहीं है। यह हादसा कुर्ला के कुरैशी नगर में हुआ। यहां एमएमआरडीए (MMRDA) का काम चल रहा था और जेसीबी मशीन की शिफ्टिंग के दौरान क्रेन और जेसीबी मशीन एक घर पर गिर गई। गनीमत यह रही कि घटना तड़के सुबह हुई जिससे जानमाल का खतरा टल गया।
