नेटवर्क महानगर/वाराणसी
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी बाबतपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रमुखों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 2047 तक न तो अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बनेंगे और न ही राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बन पाएंगे।
‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा, कांग्रेस कर रही ‘तुष्टिकरण’
संसद द्वारा ‘वंदे मातरम्’ को लेकर पारित कानून और कांग्रेस की बयानबाजी पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा और आजादी के आंदोलन का महामंत्र है। कांग्रेस केवल मुस्लिम वोट बैंक के लालच में इसका अपमान कर रही है और इस तरह की घटिया राजनीति की कीमत उसे चुकानी पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी और पूरा देश राष्ट्रगीत के सभी छह छंद गाएगा।
अखिलेश यादव द्वारा बीजेपी का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ बताने के बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख लगातार बौखलाहट में हैं और 2027 में सत्ता में आने का मुंगेरीलाल के हसीन सपना देख रहे हैं लेकिन 2047 तक भी वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और कुछ नहीं बल्कि ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। सपा सिर्फ गुंडों, माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देने का काम करती है। अखिलेश यादव को पिछड़ों का कोई और नेता बर्दाश्त नहीं होता, वे पिछड़ों और दलितों के जन्मजात विरोधी हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां हर स्थिति की समीक्षा करती हैं, अगर सलाह दी गई है तो उन्हें जैकेट पहननी चाहिए।
वहीं, बाजार में चीनी और प्याज के बढ़ते दामों पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और दामों को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।
403 सीटों पर लड़ रहा हूं चुनाव: केशव प्रसाद मौर्य
2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवारी और पसंदीदा सीट को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे किसी एक सीट पर नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की पूरी 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ता मिलकर बीजेपी व एनडीए प्रत्याशियों को हर सीट पर जिताने का काम करेंगे।

वाराणसी में ‘ओडिशा परब-2026’ का भव्य शुभारंभ
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में ओडिशा की समृद्ध संस्कृति को समर्पित ‘ओडिशा परब-2026’ का भव्य उद्घाटन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हाथों हुआ। यहां प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि काशी में महाप्रभु जगन्नाथ जी की पावन धरा ओडिशा की संस्कृति का यह पर्व ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार कर रहा है। यह आयोजन देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता को नई शक्ति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र के साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण, तीर्थस्थलों का विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य निरंतर जारी है। इस कार्यक्रम में ओडिशा सरकार की उपमुख्यमंत्री श्रीमती प्रभाती परिदा, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, अनिल राजभर, महापौर अशोक तिवारी, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
