मां से कहासुनी के बाद नाराज होकर घर से निकली थी..
नेटवर्क महानगर/पुणे
पुणे जिले के बारामती में रविवार, (23 अगस्त) को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत लड़की एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार के पर्सनल असिस्टेंट अजीत दशावतारे की बेटी थी। पुलिस ने मामले की हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को लड़की की अपनी मां से किसी बात को लेकर बहस हुई थी तभी गुस्से में वह घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंची तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रविवार सुबह करीब 8.30 बजे बारामती तहसील के रुईगांव के साईनगर इलाके में उसके घर के नाले के पास शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बारामती सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल पायेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी को आरोपी नहीं बनाया गया है और जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है। अधिकारी पूरे मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और जल्द ही और जानकारी सामने आने की संभावना है। परिवार और स्थानीय लोगों को इस घटना से गहरा सदमा लगा है। पुलिस ने इलाके में पूछताछ शुरू कर दी है और लड़की के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और एक लड़के के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य सबूतों की जांच करेगी तब कही जाकर मामले की सही जानकारी सामने आएगी। फिलहाल, बच्ची की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह साफ नहीं हो पाया है।
