नेटवर्क महानगर/लखनऊ
2027 में होने वाले आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का रंग चढ़ने लगा है। तमाम दलों के नेता एक दूसरे पर छींटाकशी शुरू कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, (23 अगस्त) को लखनऊ में आयोजित एक सामरोह में पिछली सरकार पर शिक्षा व्यवस्था के जर्जर हालात को लेकर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने 3.54 लाख मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह में समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कहा कि कुछ लोग जर्जर भवनों की फोटोग्राफ सोशल मीडिया पर दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के इशारे पर दिखा रहे हो न, ये उन्हीं के स्मारक हैं। सीएम योगी ने स्कूलों में घुसकर वीडियो बनाने वाले पर एफआईआर करने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में पूर्ववर्ती सरकारों पर खासकर सपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘सपाई’ तो आकर के सबको निकालकर अपने लोगों को बिठा देते थे। फिर बच्चों के इस ‘मिड-डे मील’ पर भी डकैती डलवा देते थे। लेकिन आज इस व्यवस्था को कोई नहीं छेड़ सकता।
नकल मुक्त, अकल से युक्त हुई यूपी की शिक्षा!
सीएम योगी ने शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ के तहत माध्यमिक शिक्षा के स्तर पर पुराने और जर्जर भवनों को नए और आधुनिक भवनों में बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की नई शिक्षा व्यवस्था ‘नकल मुक्त और अकल से युक्त’ प्रणाली का आधार बन रही है।जो परीक्षाएं पहले तीन-तीन महीने चलती थीं, अब वे 14 दिन में खत्म होती हैं और अगले 15 दिन में परिणाम आ जाते हैं। 6 महीने का काम एक महीने के अंदर पूरा किया जा रहा है। यही कार्य की कुशलता है, जो नए यूपी को स्किल में बदल रही है।
सीएम योगी ने रसोइयों को दिया तोहफा!
सीएम योगी ने ‘रक्षाबंधन’ से पहले प्रदेश की 3.54 लाख मिड-डे मील रसोइयों को एक बड़ा तोहफा दिया है। राजधानी लखनऊ में ‘पीएम पोषण योजना’ के अंतर्गत आयोजित रसोइयों के सम्मान आयोजित समारोह में सीएम योगी ने न सिर्फ रसोइयों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की सौगात दी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले विपक्ष को भी अपने कड़े तेवरों से आड़े हाथों लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस देश का बचपन स्वस्थ होगा, वही देश समर्थ होगा। उन्होंने मिड-डे मील रसोइयों के लिए चार बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि आज आप एक साथ चार योजनाओं से जुड़ रही हैं:-
कैशलेस इलाज: सभी 3.54 लाख रसोइयों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा (कार्ड) का वितरण किया गया।
दुर्घटना बीमा: रसोइयों की सामाजिक सुरक्षा की गारंटी के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और यूपी सरकार के बीच एमओयू साइन हुआ, जिसके तहत उन्हें 2 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा सुविधा मिलेगी।
मानदेय में वृद्धि: रसोइयों का मानदेय जो पहले 1000 रुपये हुआ करता था, उसे बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है।
साड़ी भत्ता: रसोइयों को साड़ी के लिए मिलने वाले 500 रुपये को बढ़ाकर अब 1000 रुपये कर दिया गया है।
