नेटवर्क महानगर/मुंबई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देशभर से मिल रहे जबरदस्त प्रतिसाद से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नींद उड़ गई है। राहुल गांधी की युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भाजपा ने भी उनकी नकल करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुणे में महिला विशेष ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अभूतपूर्व सफलता के बाद हमको भी (Gen Z) के साथ संवाद करना चाहिए, इस सोच के तहत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में कार्यक्रम आयोजित किया, लेकिन यह कार्यक्रम पूरी तरह सुपरफ्लॉप साबित हुआ। फडणवीस को कॉपी-पेस्ट करना भी नहीं आता, ऐसा तीखा हमला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने किया है।
देवेंद्र फडणवीस के जेन-ज़ी संवाद कार्यक्रम पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी समाज के सभी वर्गों के साथ संवाद साध रहे हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भी इसी का एक हिस्सा थी। फिलहाल, वे छात्रों और शिक्षा के मुद्दों को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे हैं। राहुल गांधी का यह कार्यक्रम राजनीतिक नहीं, बल्कि केवल युवाओं के साथ संवाद करने, उनके विचार, दुख और समस्याओं को समझने के लिए एक मंच है। युवाओं की ओर से इस अभियान को जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है।

कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने फडणवीस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की तरह कार्यक्रम करने का फैसला कर देवेंद्र फडणवीस ने पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया, लेकिन जेन-ज़ी ने उनके कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कहा कि ‘नकल करने के लिए भी अक्ल चाहिए’।
हर्षवर्धन सपकाल ने कहा ने आगे कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम को लेकर देवेंद्र फडणवीस और उनके सहयोगी कार्यक्रम से पहले और बाद में भी लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। लेकिन लड़कियों ने उनकी बोलती बंद कर दी है। अब वे राहुल गांधी को महिला विरोधी साबित करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। यह आरोप लगाया जा रहा है कि राहुल गांधी ‘महिला सशक्तिकरण’ की बात करते हैं, लेकिन महिला आरक्षण का विरोध करते हैं।

महिला आरक्षण का पहला निर्णय कांग्रेस सरकार ने ही लिया था और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया था। इसका लाभ आज देश की लाखों महिलाएं उठा रही हैं। संसद में महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। स्वयं देवेंद्र फडणवीस ने उस समय इस निर्णय का स्वागत करते हुए ‘आनंदोत्सव’ मनाया था और इस संबंध में ट्वीट भी किया था। लेकिन मोदी सरकार ने अभी तक महिला आरक्षण को लागू नहीं किया है। फिर अब वे किस महिला आरक्षण की बात कर रहे हैं? झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की भाजपा और फडणवीस की यह चाल भी जनता समझ चुकी है, जनता उनके झूठ को कोई स्थान नहीं देगी।
