नेटवर्क महानगर/मुंबई
समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर 2026 को अपनी पत्नी डिंपल यादव और बच्चों के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन-पूजन करेंगे और उसके बाद परिवार के साथ राम मंदिर में रामलला का आशीर्वाद लेंगे। उनके इस फैसले ने उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में राजनीतिक बहस को जन्म दिया है। महाराष्ट्र के मत्स्य पालन और बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने सपा नेता अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर बड़ा हमला बोला है। नितेश राणे ने कहा कि मुझे लगता है कि राम मंदिर में प्रवेश करने से पहले अखिलेश यादव को कम से कम सौ बार गोमूत्र से स्नान करना चाहिए।
महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कहा कि इंडी गठबंधन के ये सभी लोग हिंदू धर्म के खिलाफ हैं। इनमें से हर कोई बाबरी मस्जिद या बाबर का समर्थक है। इनके मन में राम मंदिर के लिए कभी कोई लगाव नहीं होगा। न ही ये कभी हिंदू सनातन धर्म का सम्मान करेंगे। ये हमेशा हिंदू धर्म के खिलाफ जहर उगलते रहेंगे। इसलिए यह व्यक्ति (समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे) भी उन्हीं के बीच से निकला एक नया सांप है।
वहीं, अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के प्रस्ताव पर शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रभारी राष्ट्रीय सचिव शायना एनसी ने कहा कि यह आस्था का विषय नहीं, बल्कि चुनावी यात्रा बन गई है। अखिलेश यादव को पहले कारसेवकों से माफी मांगनी चाहिए थी। जब राम मंदिर बना और प्राण प्रतिष्ठा हुई, तब भी उन्हें वहां जाना चाहिए था। अब चुनाव नजदीक आने पर अयोध्या जाने की बात करना चुनावी नौटंकी और तुष्टिकरण की राजनीति है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की ओर से आस्था और विश्वास के विषय पर समझौता किया गया है और अब चुनाव को देखते हुए यह दौरा प्रस्तावित किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस यात्रा को राजनीतिक पैंतरेबाजी और हिंदुओं को गुमराह करने का प्रयास बताया।
लखनऊ में मीडिया द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान सबके हैं और वे केदारेश्वर तथा मथुरा भी जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके घर में शिव और राम पहले से हैं। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने की थी।
