नेटवर्क महानगर/मुंबई
भारत के अनेक राज्यों नें महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। दिवाली के बाद होने वाला ये खास पर्व प्रमुख तौर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। हालांकि, बड़ी संख्या में प्रवासी लोग अनेक राज्यों में छठी मईया की उपासना और पूजा करते हैं। ऐसे में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में छठ पूजा को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने गिरगांव चौपाटी पर 15 और 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा का आयोजन करने की अनुमति मांगने वाली ‘मिथिला छठ पूजा संघ’ की याचिका पर तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया है, जिसे लेकर छठ पूजा श्रद्धालुओं में गहरा रोष व्याप्त है। इससे पहले 17 सितंबर को डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने ‘मिथिला छठ पूजा संघ’ के आवेदन को खारिज कर दिया था। इसके बाद संघ ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। यहां न्यायालय ने टिप्पणी की कि यद्यपि संविधान का अनुच्छेद 25 धर्म की स्वतंत्रता की गारंटी देता है, लेकिन यह सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य के अधीन है।
वहीं, मुंबई में प्रत्येक वर्ष मनाये जाने वाले पवित्र ‘छठ पूजा’ को लेकर देश के जाने-माने अधिवक्ता डॉ. गुणरत्न सदावर्ते ने कहा है यदि बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई में छठ पूजा की अनुमति देने से इनकार किया तो मैं मुंबई में रहने वाले अपने सभी उत्तर भारतीय और बिहारी भाइयों से अपील करता हूं कि वो पूरी श्रद्धा और धूमधाम से महापर्व छठ पूजा मनाएं। उन्होंने ये भी कहा कि सभी संस्थाए इस विषय को लेकर उनसे बेहिचक मिल सकते हैं और यदि कोई अड़चन आगे आई तो मैं इसके लिए बिना देरी किये सर्वोच्च न्यायालय में जाने के लिए तैयार हूं। इसलिए जल्द से जल्द लोगों को सुप्रीम कोर्ट में अर्जी के लिए आगे आना चाहिए। सदावर्ते ने कहा कि छठ पूजा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को संबंधित पुलिस थाने में ऑनलाइन आवेदन करना चाहिए, तो इस विषय में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
मशहूर वकील गुणरत्न सदावर्ते ने कहा कि ये राज्य सरकार और स्थानीय कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी है कि व्यक्तिगत स्तर की पूजा और सामूहिक स्तर की पूजा, जहां पर किसी भी तरह से स्वास्थ्य हानि नहीं है, वहां किसी भी पूजा-आराधना करने पर रोक-टोक नहीं हो सकती। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय ने जैसा कहा है कि माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस महापर्व से संबंधित अर्जी पर उचित कदम उठाएं, तो हम इस समस्या का समाधान मिल सकता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा को लेकर मुझे किसी भी तरह की कोई आशंका नहीं है, क्योंकि भारत के संविधान ने हमें अधिकार दिया है कि हम सार्वजनिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए अपनी पूजा-आराधना कहीं भी कर सकते हैं, उसमें कोई रुकावट नहीं है। सदावर्ते ने लोगों से कहा है कि छठ पूजा को लेकर किसी भी प्रकार की दिक्कत आती है तो उनसे ‘परेल स्पोर्ट्स क्लब’, परेल (पूर्व), मुंबई-400012 और इस नंबर पर 9322932293 सीधे संपर्क किया जा सकता है।
