Preeti Sharma Menon aap news
मुंबई: आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस, शिवसेना यूबीटी और एनसीपी शरद पवार की महाविकास अघाड़ी (MVA) और भाजपा, शिवसेना और एनसीपी की महायुति के बीच होने वाला है। दोनों ही गठबंधन अभी से ही चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। लेकिन इसी बीच इंडिया गठबंधन का हिस्सा आम आदमी पार्टी ने महाविकास अघाड़ी को बड़ा झटका दिया है।
आम आदमी पार्टी ने ऐलान करते हुए कहा है कि वह आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। आम आदमी पार्टी मुंबई की सभी 36 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। ‘आप’ महाराष्ट्र की अध्यक्ष प्रीति मेमन ने दावा किया है कि राज्य के बाकी हिस्सों में भी हमारे सहयोगी और कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं।
प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी। ये गठबंधन लोकसभा चुनावों के लिए था और राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी मुंबई में सभी 36 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में हमारे सहयोगी और स्वयंसेवक उत्साहित हैं और तैयारियां जोरों पर हैं।
