Rohit Shetty house firing Update News
राजेश जायसवाल/मुंबई
मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात में वांछित आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा, यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने की। आरोपी को पकड़ने के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
बता दें कि 1 फरवरी 2026 की रात मुंबई स्थित रोहित शेट्टी के आवास शेट्टी टॉवर पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस हमले के पीछे अंतर्राष्ट्रीय कुख्यात अपराधी शुभम लोणकर गैंग का हाथ बताया गया था। इस घटना के पीछे गैंग का मकसद फिल्म इंडस्ट्री, उद्योगपतियों और आम लोगों में दहशत फैलाना और रंगदारी वसूलना था। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था और आरोपियों की तलाश जारी थी। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप शर्मा (23), आगरा के महावीर नगर इलाके का रहने वाला है। उसे शनिवार, (21 मार्च) को दोपहर करीब 3:50 बजे आगरा के बाह थाना क्षेत्र से दबोचा गया। रविवार को उसे मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह इलाके में छिपा हुआ है, मुंबई क्राइम ब्रांच को उसकी लोकेशन मिलने के बाद यूपी एसटीएफ की मदद ली गई। जिसके बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर आकाश सिंह, पीएसआई योगेंद्र सिंह और मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी स्वप्निल काले व एपीआई अमोल माली पूरे टीम समेत घेराबंदी कर प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सोशल मीडिया पर शुभम लोणकर गैंग के पोस्ट देखकर उनसे प्रभावित होकर इस गैंग से जुड़ा। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले भी फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया। इससे पहले भी एक मामले में वह हथियार के साथ पकड़ाया था और जेल जा चुका है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाने!
इस पूरे मामले में शामिल कई अन्य आरोपियों को पहले ही 15 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रदीप शर्मा अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल छिपता फिर रहा था। फिलहाल, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के लिए आगरा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई मुंबई पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे गैंग के नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच लगातार जारी है, जल्द ही कई और भी खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि गैंग का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपराध की दुनिया में खींचा जा रहा है।
कहां से हुई गैंगस्टर बनने की शुरुआत?
पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू ने बताया कि, वह सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग और शुभम लोणकर गैंग की गतिविधियों से प्रभावित हो गया था। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर इस गैंग के वीडियो और पोस्ट देखकर उसे लगा कि इनसे लोग डरते हैं और इनका दबदबा है। इसी प्रभाव में आकर उसने गैंग से जुड़ने और अपराध की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया है। जांच में सामने आया है कि, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग का मकसद दहशत फैलाना और रंगदारी के जरिए अपना वर्चस्व स्थापित करना था। यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोणकर गैंग के इशारे पर किया गया था। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि गैंग के कुछ सदस्य बॉलीवुड से जुड़े लोगों को डराकर रंगदारी वसूलने और अपना प्रभाव दिखाने की योजना बना रहे थे।
1 फरवरी 2026 की रात हुई थी फायरिंग
यह पूरा मामला 1 फरवरी 2026 की देर रात का है। जब मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत पर रात करीब 12:45 बजे अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। हमलावरों ने इमारत की पहली मंजिल की ओर कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली इमारत के जिम के शीशे से टकराई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया वायरल हुआ पोस्ट
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह पोस्ट शुभम लोणकर आरजू नाम के फेसबुक अकाउंट से की गई थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि, रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू लेते हैं। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि, यह केवल ट्रेलर है और अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो अगली बार घर के बाहर नहीं, बेडरूम के अंदर गोली चलेगी। बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल हो सकता है। वायरल पोस्ट में बॉलीवुड को भी खुली चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में कहा गया था कि, अगर समय रहते लोग उनकी बात नहीं मानते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसमें यहां तक कहा गया था कि अगली बार गोली सीधे सीने में मारी जाएगी। इस धमकी भरे संदेश के बाद मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा बढ़ा दी थी।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से पांच आरोपी आगरा के बाह क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक (24), सनी (23), सोनू (23), रितिक (22), विष्णु कुशवाहा (26), जतिन भारद्वाज (24) और विशाल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन सभी आरोपियों को प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू ने ही गैंग से जोड़ा था और फायरिंग की योजना बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। प्रदीप शर्मा पहले भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रह चुका है। बताया गया है कि 28 मई 2025 को राजस्थान के नागौर जिले में एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग के मामले में उसे पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था और जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से गैंग से जुड़ गया और अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
कौन है शुभम लोणकर?
शुभम लोणकर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक प्रमुख सदस्य है। वह महाराष्ट्र के अकोला का रहने वाला है और पहले वहां डेयरी का काम करता था। बाद में लॉरेंस बिश्नोई से प्रभावित होकर गैंग से जुड़ गया। पुलिस के मुताबिक, शुभम लोणकर गैंग का तकनीकी और सोशल मीडिया हैंडलर भी माना जाता है। वह गैंग के कई सोशल मीडिया अकाउंट्स संचालित करता है और इनके जरिए धमकी भरे संदेश फैलाए जाते हैं।
लॉरेंस बिश्नोई भारत के सबसे चर्चित गैंगस्टरों में से एक माना जाता है। उसका असली नाम सतविंदर सिंह है और वह पंजाब के फाजिल्का जिले के दतरावली गांव का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ देशभर में 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल, वह अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है।
गौरतलब हो कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम कई हाई प्रोफाइल मामलों में सामने आ चुका है। इनमें लोकप्रिय पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसे वाला (28) की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मूसे वाला को 19 गोलियां लगीं और 15 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई। करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या, मशहूर फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी और घर पर फायरिंग की साजिश तथा महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या जैसे मामले शामिल हैं।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड
शुभम लोणकर का नाम महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी सामने आया था। बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर 2024 की देर शाम सरेआम तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जाता है कि इस हत्याकांड की साजिश रचने में भी उसकी अहम भूमिका थी। उसने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था।
