नेटवर्क महानगर/मुंबई
रविवार, 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले महाराष्ट्र में सियासत भी गरमा गई है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने उद्धव ठाकरे को ‘उद्धव खान’ कहकर संबोधित किया।
दरअसल, मत्स्य पालन मंत्री नितेश राणे वर्ली कोलीवाड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि आदित्य ठाकरे मंत्री थे और पिता मुख्यमंत्री, फिर भी वह कोलीवाड़ा के हालात नहीं बदले। उन्होंने कहा कि अभी वह ‘राजनीतिक वेंटिलेटर’ पर हैं, हम 2029 में दिखा देंगे।
बुर्का पहनकर मैच देखेंगे आदित्य ठाकरे!
नितेश राणे ने कहा कि आदित्य ठाकरे खुद कल बुर्के में छिपकर मैच देखेंगे और उन्हें उनकी आवाज भी मदद करेगी। आदित्य ठाकरे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाएंगे और संजय राउत मरीन ड्राइव पर टिकट ब्लैक करते हुए पाए जाएंगे।
सरकार पांच साल चलती तो मुस्लिम होता राज्य का सीएम!
इसके अलावा भाजपा नेता नितेश राणे ने उद्धव ठाकरे द्वारा भारत-पाकिस्तान मैच पर की गई आलोचना का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, मैं ‘उद्धव खान’ से पूछना चाहता हूं कि विजय जुलूस में पाकिस्तान के नारे क्यों, हरा गुलाब क्यों? क्या तब पाकिस्तान को गुस्सा नहीं आया? जुलूस में सर तन से जुदा जैसे नारे लगे. अगर उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में महाविकास अघाड़ी सरकार पांच साल चलती तो अगला मुख्यमंत्री कोई मुसलमान होता।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भी निशाना साधा
नितेश राणे ने आगे कहा कि उद्धव ठाकरे को मेयर पद देने का मतलब है कि अगला मेयर अब्दुल या शेख होगा। जब हिंदू समुदाय का सफाया हो रहा था, तब उन्हें लंदन से लौटने की याद क्यों नहीं आई? प्रधानमंत्री ने आतंकवादियों के अड्डे नष्ट कर दिए हैं, वे अपने पिता का नाम लेने के भी लायक नहीं हैं।
