दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Atal Setu: आज देश को मिलेगा भारत का सबसे लंबा समुुद्री पुल; पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन!

मुंबई,(राजेश जायसवाल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (12 जनवरी) को मुंबई में देश के सबसे लंबे समुद्री ब्रिज ‘अटल सेतु’ (Atal Setu) का उद्घाटन करेंगे। मुंबई से नवी मुंबई को जोड़ने वाली लिंक रोड 21.8 किलोमीटर ब्रिज का नाम ‘अटल सेतु’ रखा गया है। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल होंगे। इसके अलावा पीएम मोदी 30 हजार 500 करोड़ के कई विकास कार्यो का उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे।
‘अटल सेतु’ देश का सबसे बड़ा समुद्री ब्रिज होगा, जिसे देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपयी के नाम पर रखा गया है। पीएमओ के एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि पीएम मोदी 12 जनवरी को दोपहर करीब 12:15 बजे नासिक पहुंचेंगे, जहां वे 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। दोपहर करीब 3:30 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावा शेवा अटल सेतु (Atal Setu) का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4:15 बजे, पीएम मोदी नवी मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री का विजन शहरी परिवहन बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करके नागरिकों की गतिशीलता में आसानी “ease of mobility” को बेहतर बनाना है। इस विजन के अनुरूप, मुंबई ट्रांसहार्बर लिंक (एमटीएचएल), का नाम अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है, जो अब बनकर पूरी तरह से तैयार हो गया है। इस पुल का शिलान्यास दिसंबर 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

‘अटल सेतु’ मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा में लगने वाले समय को भी कम करेगा। यह मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा- मुंबई पुलिस ने खतरे, रुकावटों और जनता के लिए असुविधा को रोकने के लिए भारत के सबसे लंबे समुद्री पुल पर गति सीमा लगा दी है। 18,000 करोड़ की लागत से बना MTHL पुल मुंबई के सेवरी से शुरू होता है और रायगढ़ जिले के उरण तालुका के न्हावा शेवा में समाप्त होता है। उन्होंने बताया कि मुंबई की ओर जाने वाले मल्टी-एक्सल भारी वाहनों, ट्रकों और बसों को ईस्टर्न फ्रीवे पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को आगे की आवाजाही के लिए मुंबई पोर्ट-सेवरी निकास (निकास 1 सी) का उपयोग करना होगा और ‘गाडी अड्डा’ के पास एमबीपीटी रोड लेना होगा।

जानिए- क्या है ‘अटल सेतु’ में खास?
मुंबई से नवी मुंबई को जोड़ने वाला यह पुल देश का सबसे बड़ा समुद्री पुल है जो 22 किलोमीटर लंबा है। इससे दक्षिण मुंबई से नवी मुंबई की दूरी आसानी से तय हो जाएगी। इस पुल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके नीचे से दुनिया का सबसे बड़ा मालवाहक जहाज निकल सकता है। इस पुल का पूरा नाम- ‘अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है।

मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) पर चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटे होगी।

मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो, ट्रैक्टर, जानवरों द्वारा खींचे जाने वाले वाहन और धीमी गति से चलने वाले वाहनों के लिए कोई प्रवेश नहीं होगा।

एमटीएचएल एक 6-लेन समुद्री लिंक है, जिसका विस्तार समुद्र पर 16.50 किलोमीटर और भूमि पर 5.5 किलोमीटर है।

मोटर चालक मुंबई और नवी मुंबई के बीच की दूरी केवल 20 मिनट में तय कर सकेंगे, अन्यथा इसमें 2 घंटे लगते हैं।

पुल के चढ़ने और उतरने पर गति 40 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहेगी।

कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनीबस और टू-एक्सल बसों जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

मोटरबाइक, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टरों को समुद्री पुल पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले 400 सीसीटीवी कैमरे से लैस है।

समुद्र में हर साल सर्दियों में आने वाले फ्लेमिंगो पक्षी को भी ध्यान में रखा गया है। इसके लिए ब्रिज के किनारे साउंड बैरियर लगाया गया है।

इस ब्रिज से कोई भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BRC) की तस्वीर या वीडियो न, ले इसके लिए व्यू बैरियर लगाया गया है।

यहां ऐसी लाइट्स लगाई गई है, जो कि सिर्फ ब्रिज पर पड़े और समुद्री जीवों का नुकसान न हो।

सीएम शिंदे ने लिया जायजा
‘अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावा शेवा (अटल सेतु)’ का उद्घाटन कल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह की पृष्ठभूमि में आज देर शाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबई (पनवेल) पहुंचकर सभा स्थल का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने वास्तविक समुद्री पुल पर जाकर कल के समारोह के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया और कुछ बदलावों का भी सुझाव दिया।

इस मौके पर सिडको के प्रबंध निदेशक अनिल दिग्गिकर, एमएमएमआरडीए आयुक्त डाॅ संजय मुखर्जी, संभागायुक्त महेंद्र कल्याणकर, रायगढ़ के जिलाधिकारी डॉ योगेश म्हसे समेत कई अधिकारीगण मौजूद रहे।