उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में 12 फीट ऊंचा और 8 फीट चौड़ा सोने का दरवाजा!

अयोध्या: यूपी के राम नगरी अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को किया जाएगा। भव्य राम मंदिर के दरवाजे सोने से बनवाए गए हैं। सोने का लगने वाला दरवाजा करीब 12 फीट ऊंचा और 8 फीट चौड़ा है। पहले फ्लोर पर दरवाजों को लगाया जा रहा है। तीन और सोने के दरवाजे अगले तीन दिनों में लगाए जाने हैं। गर्भगृह में लगने वाले सबसे बड़े दरवाजा सहित दस दरवाजों की फिटिंग का ट्रॉयल पूरा हो चुका है।
मंदिर में लगने वाले दरवाजों पर बेहतरीन नक्काशी की गई है। दरवाजों पर हाथी, कमल सहित कई पौराणिक चित्र उकेरे गए हैं। इन दरवाजों का सांचा तैयार कर सोना लगाया गया है। यह काम दिल्ली के चार कारीगरों ने किया है। दरवाजा, महाराष्ट्र के जंगलों की सागौन लकड़ी से बने हैं। लकड़ी का काम हैदराबाद के कारीगर रामसेवकपुरम में किए हैं।

तांबे की परत पर चढ़ाया गया है सोना
राम मंदिर में लगने वाले सोना के दरवाजों को सागौन के ढांचे पर तैयार किया गया है। दरवाजे के सांचे में पहली परत तांबे की है। तांबे की परत पर सोना चढ़ाया गया है। राम मंदिर में 46 दरवाजे लगाए जाने हैं। सबसे अधिक 18 दरवाजे ग्राउंड फ्लोर पर लगाया जाना है। दरवाजा के डिजाइन को मंदिर के चीफ आर्किटेक्ट चंद्रकांत सोमपुरा ने तैयार किया है।

16 जनवरी से शुरू होगा कार्यक्रम
22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम होगा। लेकिन इसके लिए 16 जनवरी से ही अनुष्ठान, पूजा शुरू हो जाएगा। 18 जनवरी को रामलला की प्रतिमा मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत रॉय ने कहा कि हर साल चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की 9वीं राम नवमी पर दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य स्वयं अपनी किरणों से भगवान राम के माथे को स्पर्श करेंगे।

बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी भी आमंत्रित!
राम मंदिर के उद्घाटन के लिए वीवीआईपी लोगों को पहले ही इनविटेशन भेजा जा चुका है। निमंत्रित लोगों में बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी भी शामिल हैं। इकबाल की बेटी शमा परवीन ने कहा कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया था। 30 दिसंबर को अयोध्या में आयोजित रोड शो के दौरान इकबाल अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फूलों से स्वागत किया था। इकबाल अंसारी ने पीएम मोदी से यह भी कहा कि राम मंदिर निर्माण से अयोध्या का विकास हो रहा है।