दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

BBC के दिल्ली-मुंबई कार्यालय पर आयकर विभाग की तलाशी, कांग्रेस बोली-अघोषित आपातकाल!

नयी दिल्ली: ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग सर्विसेस (BBC) के दफ्तरों पर आयकर विभाग (आईटी) के तलाशी के मुद्दे पर भाजपा कांग्रेस और बीबीसी पर हमलावर है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस को ये याद रखना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बीबीसी पर प्रतिबंध लगाया था। बीबीसी का प्रोपेगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा साथ-साथ चलते हैं।

BBC दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन
गौरव भाटिया ने कहा कि बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन है। बीबीसी पर उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कुछ वर्ग विश्व पटल पर भारत के बढ़ते कद को पचा नहीं पा रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है और कुछ तबकों को यह रास नहीं आ रहा है। बीबीसी को भारत में पत्रकारिता करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें देश के कानून का पालन करना होगा।
भाटिया ने कहा कि आयकर विभाग ने कानून के तहत ही बीबीसी के दफ्तर पर तलाशी ली है। आईटी विभाग अब पिंजरे का तोता नहीं है, जैसा सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस शासन के दौरान सरकारी संस्थानों के बारे में कहा था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से मेरा सवाल है कि जब तलाशी किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है तो वह किस आधार पर राष्ट्र-विरोधी ताकतों के साथ खड़े हैं? वे रिपोर्ट आने तक धैर्य के साथ इंतजार क्यों नहीं कर सकते? क्यों कांग्रेस हमेशा चीन, बीबीसी और यहां तक कि आतंकवादियों के साथ खड़ी रहती है?

बता दें कि कुछ दिनों पहले ही बीबीसी ने गुजरात दंगों व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री जारी कर दी थी। इसको लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद भारत में डॉक्यूमेंट्री को बैन कर दिया था।

BBC की प्रतिक्रिया
उधर, आईटी की कार्रवाई पर बीबीसी ने प्रतिक्रिया दी है। बीबीसी ने कहा कि वह भारत के आयकर अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। बीबीसी ने ट्वीट कर कहा कि हमें उम्मीद है कि स्थिति का जल्द समाधान हो जाएगा।

कांग्रेस बोली- अघोषित आपातकाल
इससे पहले कांग्रेस ने आईटी की कार्रवाई को अघोषित आपातकाल कहा। कांग्रेस ने कहा कि पहले बीबीसी की डॉक्युमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब बीबीसी पर आईटी का छापा पड़ गया है। ये अघोषित आपातकाल है।