ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

BMC में ‘Three T’, टेंडर, ट्रांसफर और टाइमपास चल रहा; सीएम एकनाथ शिंदे पर आदित्य का जोरदार हमला

मुंबई: बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव की तैयारी में जुटी ‘शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे’ पार्टी के नेता आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार हमला बोला है। आदित्य ठाकरे ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि बीएमसी में इन दिनों टेंडर, ट्रांसफर और टाइम पास का काम चल रहा है। बीएमसी चुनाव से पहले आदित्य अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश में लगे हैं। बीएमसी के जरिए शिंदे सरकार पर हमला इसी कड़ी का एक हिस्सा माना जा रहा है। मुंबईकरों को लुभाने के लिए आदित्य यह साबित करने में लगे हैं कि उनके समय मुंबई के विकास के लिए बीएमसी का काम बेहतर तरीके से चल रहा था।
पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे ने घोषणा की थी कि मुंबई की गड्ढों वाली सड़कों को रातों रात बना दिया जाएगा। इस काम पर 5000 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। लेकिन टेंडर को रद्द कर दिया गया, जिसकी वजह से अन्य सड़कों का भी काम रुक गया। बारिश के दौरान यदि मुंबई की सड़कें खराब हुई, तो इसके लिए सीएम शिंदे जिम्मेदार होंगे।
आदित्य ठाकरे ने आगे कहा कि मुंबईकरों की जेब से शहर के सौंदर्यीकरण के लिए 1700 करोड़ का फंड दिया गया है। यह सौंदर्यीकरण कैसे किया जाएगा? मुंबई का सौंदर्यीकरण सिर्फ एलईडी लाइट लगाना नहीं है। बीएमसी में ट्रांसफर का आलम यह है कि नई सरकार आने के बाद कुछ अधिकारियों का 90 दिनों में छह तबादले हुए, तो कुछ के 3 घंटे में ही ट्रांसफर हो गया। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार किस तरह काम कर रही है।

…तो खोका सरकार चुप बैठी रही
राज्य से पांच बड़े प्रॉजेक्ट दूसरे राज्य में चले गए, लेकिन खोका सरकार चुप बैठी रही। आदित्य ने कहा कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कई बड़ी घोषणाएं की थी। इसमें मुंबई की सड़कों को रातों रात रोशन करना, गड्ढा मुक्त करना, दही-हांडी को राज्य का खेल घोषित करना, राज्य में फॉक्सकॉन से बड़ी परियोजना लाने जैसी घोषणाएं शामिल थीं। इन सभी घोषणाओं का क्या हुआ?
मुंबई में बीएमसी 1 अक्टूबर से 1 जून के बीच सड़कों का काम करती है। अब नवंबर चल रहा है, लेकिन नई सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। सरकार की इस प्रक्रिया के कारण पिछले साल के काम भी धीमे पड़ गए हैं। ठाकरे ने कहा कि 5000 करोड़ का टेंडर कब जारी होगा, कब पास होगा, कब अलग-अलग चरणों में काम होगा इसकी किसी को जानकारी नहीं है। यदि मुंबई में सड़कों पर गड्ढे रहें, तो इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार होंगे।

अभी मौजूदा हालात से लड़ने की जरूरत: आदित्य
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी से महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल आ गया है। इस मुद्दे पर आदित्य ठाकरे बोलने से बचते रहे। प्रेस कांफ्रेंस में आदित्य ने राजनीतिक दलों से मौजूदा हालात से लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहुल के बयान पर पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और सांसद संजय राउत ने अपनी स्थिति स्पष्ट रूप से बताई है। मैं भी उनकी बात से सहमत हूं। लेकिन राष्ट्रीय दलों को वर्तमान परिस्थिति से लड़ने के लिए भी संघर्ष करना चाहिए। अगर हम सभी इस बात पर लड़ना शुरू कर दें कि 50 साल पहले या 100 साल पहले कौन सही था और कौन गलत, तो भविष्य के लिए कौन लड़ेगा?