नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2025-26 के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी हैं। शुक्रवार, (2 जनवरी 2026) को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख थी। जिसमें कुल 453 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए है। इसके बाद अब बीएमसी चुनाव के मैदान में कुल 1,729 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बीएमसी जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, शनिवार, (3 जनवरी 2026) को सुबह 11 बजे से उम्मीदवारों को चुनाव चिन्हों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू है। चुनाव चिन्ह आवंटित करने के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची भी शनिवार को ही प्रकाशित कर दी जाएगी।
1,729 उम्मीदवार चुनाव के मैदान में
बीएमसी द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस बार चुनावी प्रक्रिया में 23 से 30 दिसंबर 2025 के बीच 11,391 नामांकन पत्र वितरित किए गए।जिनमें से 31 दिसंबर अंतिम दिन तक 2,516 नामांकन दाखिल हुए। 31 दिसंबर 2025 को हुई जांच में 164 नामांकन अवैध पाए गए, जबकि 2,185 नामांकन वैध रहे।
2 जनवरी 2026 को उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तारीख थी। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापसी की अवधि में 453 नामांकन वापस हुए। इस पूरी प्रक्रिया के बाद चुनाव के मैदान में अब 1,729 उम्मीदवार चुनाव लड़ पाएंगे। मुंबई के सभी 23 रिटर्निंग अफसरों के क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्वक तरीके से सम्पन्न हुई। जिसके बाद अब चुनाव की स्थिति बिलकुल साफ़ हो गई है।
विभागवार स्थिति
ए+बी+ई (19/92), सी+डी (05/44), एफ दक्षिण (21/50), जी दक्षिण (14/51), जी उत्तर (18/109), एफ उत्तर (25/93), एल (20/76), एल (24/74), एम पूर्व (41/121), एम पूर्व+एम पश्चिम (44/97), एन (34/88), एस (15/70), टी (24/79), एच पूर्व (25/87), के पूर्व+एच पश्चिम (12/58), के पश्चिम+के पूर्व (18/82), के पश्चिम (18/104), पी दक्षिण (14/56), पी पूर्व (21/81), पी उत्तर (11/60), आर दक्षिण (10/83), आर मध्य (07/35), आर उत्तर (13/39)
इस बार बीएमसी चुनाव में वोटिंग से पहले ही नॉमिनेशन वापस लेने के आखिरी दिन 5 सीटों पर बीजेपी के पांच प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। जो भाजपा के लिए बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है। चुनाव में नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार आज से और तेज हो जाएगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में तमाम बड़े नेता और फिल्म स्टार इस चुनाव में प्रचार करते दिखाई देंगे। बता दें कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और 16 जनवरी को मतगणना।
