AAP
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए चुनाव की तारीख सामने आ चुकी है। राज्य में तमाम राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। पार्टी नेता जोर-शोर से चुनाव के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने ने भी बीएमसी चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
AAP ने आगामी बीएमसी आम चुनाव 2026 में सभी 227 वार्डों में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने किसी भी अन्य पार्टी से गठबंधन से साफ इनकार किया है।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि मुंबई की हालत बदहाल है और सभी मौजूदा राजनीतिक दलों ने बीएमसी को लूटा है। पार्टी ने कहा कि 74,447 करोड़ रुपये के बजट वाली बीएमसी भ्रष्टाचार और अयोग्यता का केंद्र बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन (BEST), कचरा प्रबंधन, पर्यावरण और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर बीएमसी पूरी तरह से विफल रही है।
दिल्ली और पंजाब की तरह मुंबई को भी ‘AAP’ की जरूरत!
आम आदमी पार्टी ने BMC चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए दावा किया है कि पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह मुंबई में भी बेहतर शासन, पारदर्शिता और विश्वस्तरीय सुविधाएं दे सकती है। पार्टी का कहना है कि बीएमसी में अच्छे और ईमानदार लोगों की सख्त जरूरत है और मुंबई को ‘AAP’ की जरूरत है।
राज्य चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान 15 जनवरी 2026 को होंगे। वहीं, चुनाव का परिणाम 16 जनवरी को घोषित किया जाएगा। बता दें कि ये चुनाव महानगरपालिकाओं में कुल 2869 पार्षदों को चुनने के लिए होगा और इसमें वोटिंग EVM के जरिए करवाई जाएगी। इस चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो चुकी है और वोटिंग की तारीख से 1 दिन पहले चुनाव प्रचार रुक जाएगा।
