उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

CM योगी बोले- कांग्रेस के शासन में इटली चला जाता था विकास का पैसा

लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में विकास और कल्याण का पैसा इटली चला जाता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला कार्यकाल गरीबों के कल्याण के लिए था और मौजूदा कार्यकाल मां भारती को समर्पित है।
राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि यह मंदिर दुनिया को भारत के लोकतंत्र और न्यायपालिका की ताकत का अहसास कराएगा। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का मार्ग पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रशस्त हुआ है, जबकि कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि विवाद का समाधान कभी नहीं चाहता था।
झारखंड में सोमवार को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गोडय, महगामा और साहेबगंज में हुई सभाओं को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस व उसके सहयोगी दल भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद, अराजकता और अनुच्छेद 370 लगाने के पक्ष में हैं। वे राम मंदिर का विरोध करते हैं। कांग्रेस, आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा में लोकतंत्र नहीं है। इनके लिए इनका परिवार ही सब कुछ है। अगर परिवार के मुखिया को जेल जाना है तो मालिकन तैयार बैठी हैं। मालिकन को फुर्सत नहीं है तो अध्यक्ष बनने के लिए पूरा परिवार बैठा है।

भगवान राम की जन्मभूमि पर बनने वाला मंदिर राष्ट्र मंदिर जैसा: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को झारखंड में तीन सभाएं कीं। योगी ने कहा कि कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष अयोध्या में रामजन्मभूमि का समाधान कभी चाहता ही नहीं था। केंद्र और यूपी में भाजपा की सरकार होने से ही राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हो सका। योगी ने कहा कि अयोध्या में बनने वाले मंदिर का महत्व राष्ट्र मंदिर जैसा होगा। इसमें भारत की आत्मा बसेगी। मंदिर भारत के लोकतंत्र और न्यायपालिका की ताकत का एहसास दुनिया को कराएगा।

बुनियादी सुविधाएं मिलना ही रामराज्य
मुख्यमंत्री ने कहा, सुशासन के मामले में रामराज्य दुनिया में नजीर है। ऐसा राज्य जिसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं था। गरीब को शासन की योजनाओं के साथ जोड़ना और सुरक्षा की गारंटी देना भी रामराज्य है। केंद्र में पीएम मोदी, झारखंड में रघुवरदास और भाजपा शासित सभी राज्यों में शिद्दत से यही प्रयास हो रहा है। हर नागरिक का बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त होना ही रामराज्य है। ऐसा तभी संभव है जब केंद्र के साथ-साथ राज्यों में भी भाजपा का शासन हो।

पीड़ितों के साथ खड़े होना भारत की परंपरा
CM योगी ने कहा, कांग्रेस के पाप के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से हिंदू, बौद्ध और बंगालियों को भागकर भारत आना पड़ा था। कोई उन्हें पूछने वाला नहीं था। नागरिकता संशोधन कानून पास होने के बाद उन सभी को भारत की नागरिकता मिल जाएगी। मानवता के कल्याण का मार्ग भारत ने प्रशस्त किया है। नागरिकता कानून उसी का हिस्सा है। दुनिया के पीड़ितों और प्रताड़ितों के साथ हमेशा खड़ा रहना भारत की परंपरा रही है।