नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

फडणवीस की हार काे पचा नहीं पा रही BJP, इसलिए कर रहे हंगामा: पृथ्वीराज चव्हाण

नागपुर: विधानमंडल में विपक्ष के हंगामें पर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि सरकार बनाने को लेकर देवेंद्र फडणवीस की पराजय को भाजपा पचा नहीं पा रही है। निराश होकर वह केवल हंगामा कर रही है। सत्ता में रहते हुए विकास मामले में जो लोग अधिक ध्यान नहीं दे पाए वे नई सरकार को काम की शुरुआत करने के पहले ही विकास मामले में असफल ठहरा रहे हैं।
मंगलवार को विधानभवन परिसर में संवाद माध्यम के प्रतिनिधियों से चर्चा में चव्हाण ने भाजपा की भूमिका को नाटकीय कहा। उन्होंने कहा भाजपा के नेतृत्व की सरकार के समय राज्य में बाढ़ आयी। अतिवृष्टि से हजारों हेक्टेयर क्षेत्र में फसल को नुकसान हुआ। राज्य में हुए नुकसान को भाजपा अच्छे से जानती है।
पिछली सरकार ने तो कृषि क्षेत्र में राहत के लिए केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा था। फिलहाल कृषि क्षेत्र में राहत के लिए सत्तापक्ष व विपक्ष ने मिलकर काम करने की आवश्यकता है। लेकिन विपक्ष अपनी भूमिका नहीं निभा पा रहा है। विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। सभागृह में मुख्यमंत्री के आसन के सामने कोई फलक लेकर नहीं जाता है। मुख्यमंत्री सभागृह के नेता भी हैं। संवैधानिक नियमों का पालन करने की गौरवशाली परंपरा महाराष्ट्र विधानसभा की है। लेकिन नए सदस्यों का आगे करके भाजपा के वरिष्ठ सदस्य अपमानजनक व्यवहार करने लगे हैं।
चव्हाण ने यह भी कहा कि भाजपा के नेतृत्व की सरकार के 5 साल में राज्य हर क्षेत्र मेें पिछड़ा है। विकास निधि का सही नियोजन नहीं हो पाया है। राज्य में सर्वाधिक कर्ज भाजपा सरकार के समय लिया गया है। राज्य की आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र तैयार किया जा रहा है। श्वेतपत्र के माध्यम से राज्य की जनता के सामने राज्य की सही स्थिति रखी जाएगी।