ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Ganpat Gaikwad Firing: भाजपा विधायक गणपत को 11 दिन की पुलिस कस्टडी; शिवसेना नेता महेश गायकवाड की हालत नाजुक!

ठाणे: महाराष्ट्र के उल्हासनगर स्थित हिललाइन पुलिस स्टेशन के अंदर भाजपा विधायक गणपत गायकवाड द्वारा पूर्व नगरसेवक व शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता महेश गायकवाड को शुक्रवार देर रात गोली मार दी। गंभीर अवस्था में जहां महेश गायकवाड को ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, आरोपी गणपत गायकवाड को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भाजपा विधायक का एक बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने साफ कहा कि उन्हें गोली मारने का कोई अफसोस नहीं है। वहीं, गोली लगने से घायल हुए शिवसेना नेता महेश गायकवाड और एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और वे वेंटिलेटर पर हैं।

बता दें कि बीजेपी और शिवसेना दोनों ही महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार का हिस्सा हैं। ऐसे में इस गोलीकांड से लोग बेहद हैरान हैं। इस घटना से पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया है।

14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा
पुलिस ने बताया कि आरोपी भाजपा विधायक गणपत गायकवाड की गिरफ्तारी के बाद उनके 2 अन्य सहयोगी को उल्हासनगर की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया जहां कोर्ट ने उन्हें 11 दिन की पुलिस हिरासत की सजा सुनाई है। यानी गणपत गायकवाड़ को 14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
भाजपा विधायक गणपत गायकवाड की पेशी के वक्त पुलिस ने कोर्ट के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिया। इसके पहले सुरक्षा कारणों के चलते कोर्ट में लाइव सुनवाई के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुनवाई होनी थी। बहरहाल, पुलिस ने विधायक गणपत गायकवाड को उल्हासनगर में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट को यह भी बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक सोची-समझी साजिश लगती है। वे इसकी तहकीकात करना चाहते हैं। जहां एफसीजेएम ए ए निकम ने तीनों को 14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

भाजपा विधायक ने कोर्ट में क्या कहा?
उधर, भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने कोर्ट में सीधा आरोप लगाया कि पुलिस मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कोर्ट में यह भी सवाल उठाया कि एक आदमी को कानून अपने हाथ में क्यों लेना पड़ा? पुलिस ने कोर्ट को बताया कि गणपत गायकवाड ने ही महेश गायकवाड पर गोली चलाई थी। गोली चलाने के बाद बंदूक बरामद कर ली गई है। इन सभी पर भारतीय दंड संहिता के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया पर विधायक गायकवाड का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें वे बयान देते हुए नजर आ रहे हैं कि उन्हें गोली चलाने का कोई अफसोस नहीं है। क्योंकि पुलिस स्टेशन के अंदर उनके बेटे के साथ मारपीट की जा रही थी। जिसे देखकर वे दु:खी हो गए। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे के साथ मारपीट की गई। मेरी जमीन मुझसे जबरदस्ती छीन ली गई। अगर शिंदे महाराष्ट्र के सीएम रहे तो निश्चित ही अपराध बढ़ेगा। मैं भी अपराधी बन गया हूं..। वे वीडियो में बोल रहे हैं कि अगर कोई मेरे बेटे को पुलिस स्टेशन में पीटता है तो आप ही बताईये मैं क्या करता…? मैं किसी को मारना नहीं चाहता था।

भाजपा विधायक गायकवाड ने कहा कि अगर एकनाथ शिंदे उद्धव ठाकरे को धोखा दे सकते हैं तो वह बीजेपी को भी धोखा देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम पर उनके करोड़ों रुपये बकाया हैं। उन्होंने शिंदे से इस्तीफा देने का आग्रह किया और बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस और पीएम नरेंद्र मोदी से इस दिशा में कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने सीएम एकनाथ शिंदे के सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे पर उनके (गणपत गायकवाड) किए गए काम का श्रेय लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कारण ही वह अपराधी बन गये हैं।

विधायक के समर्थक पहुंचे कोर्ट
शनिवार को गणपत गायकवाड की गिरफ्तारी के बाद उल्हासनगर स्थित चोपड़ा कोर्ट के बाहर उनके समर्थकों का एक हुजूम जमा हो गया। जहां उन्होंने गणपत गायकवाड़ के समर्थन में नारेबाजी कर गणपत गायकवाड़ को छोड़ने की मांग की। इस दौरान पुलिस भाजपा समर्थकों को चुप कराने की कोशिश करती नज़र आई।

शिवसेना नेता महेश गायकवाड की हालत नाजुक!
पुलिस ने बताया कि भाजपा विधायक गायकवाड ने शुक्रवार रात उल्हासनगर स्थित हिललाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड पर गोलियां चला दी थीं। महेश गायकवाड का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

कोर्ट में दोनों पक्षों के वकील ने की बहस
कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड को चोपड़ा कोर्ट ने 14 फरवरी तक इस गोलीकांड की जांच पड़ताल के लिए पुलिस कस्टडी का आदेश दे दिया है। आरोपी विधायक गणपत गायकवाड के वकील राहुल अरोटे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे मुवक्किल को कोर्ट ने 14 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया है। विधायक के वकील राहुल अरोटे ने ये भी कहा है कि अभी मामला जांच के दायरे में है, इसलिए इस बारे में अभी कुछ भी कहना ठीक नही होगा।
कोर्ट में दी गई दलील में सरकारी पक्ष की तरफ से हिललाइन पुलिस थाने में विधायक गणपत गायकवाड को बंदूक से कुल 6 राउंड गोलियां फायर करने की बात कोर्ट के सामने कही गई, लेकिन सरकारी महकमे के वकील के इस दलील पर आरोपी विधायक गणपत गायकवाड के वकील राहुल अरोटे ने आपत्ति जताई।

सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम के इस्तीफे की मांग
महाराष्ट्र में पुलिस स्टेशन के अंदर हुए इस गोलीकांड के विरोध में विपक्ष भी सामने आया और सीएम एकनाथ शिंदे के इस्तीफे की मांग की। इस मामले में कांग्रेस ने कहा कि ये घटना प्रदेश में कानून-व्यवस्था को खराब कर रही है। वहीं, उद्धव ठाकरे शिवसेना गुट ने शिंदे को इस घटना के लिए जिम्मेदार बताया। पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि राज्य में शिवसेना और भाजपा दोनों सत्ता में हैं, इसलिए इन पार्टियों के लोगों में कानून का डर खत्म हो गया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा- ‘राज्य सरकार के दोनों इंजन फेल हो गए हैं.’ एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि फडणवीस डिप्टी सीएम होते हैं तो क्राइम ग्राफ और बढ़ जाता है!

जानें- क्या है पूरा मामला?
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि यह राजनीतिक रंजिश नहीं बल्कि जमीन की वजह से गोलीबारी हुई है। भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने 10 साल पहले एक जमीन खरीदी थी, यही जमीन दोनों पक्षों के बीच विवाद के केंद्र में है। उन्होंने दावा किया कि कुछ कानूनी मुद्दे थे लेकिन उन्होंने अदालत में केस जीत लिया और जमीन उन्हें दे दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि महेश गायकवाड ने इस पर बलपूर्वक कब्जा कर लिया और फायरिंग की वजह यही जमीन बनी।