ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

General Elections 2024: मुंबई में नए मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत…

जिलाधिकारी व निर्वाचन अधिकारी संजय यादव ने की १८ से १९ वर्ष के नए मतदाताओं से पंजीकरण कराने की अपील…

मुंबई: मुंबई शहर जिले में आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए 18 से 19 वर्ष के नए मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए जिले में विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। हालांकि, आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मतदाताओं को पंजीकृत करने का अवसर अभी भी उपलब्ध है।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुंबई शहर जिले में चलाए जा रहे मतदान जागरूकता अभियान की जानकारी देने के लिए बुधवार को मुंबई शहर जिला कार्यालय नियोजन भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए मुंबई के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय यादव ने लोगों से अपील की है कि वे आज ही मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और यदि उनका नाम सूची में नहीं है तो तत्काल मतदाता के रूप में ऑनलाइन या ऑफलाइन अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

श्री यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अभी भी अवसर है। मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जांचना चाहिए। यदि आपका नाम नहीं है तो मतदाता पंजीकरण के लिए voters.eci.gov.in / Voter Helpline Mobile App / हेल्पलाइन नंबर 1800221950 पर संपर्क करें।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये उद्देश्यों की पूर्ति हेतु ‘विशेष जन जागरूकता अभियान’ चलाकर अधिक से अधिक नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जा रहा है। इस मतदाता पंजीकरण अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और मतदान करने के पात्र बनें।
जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुंबई शहर के जिला स्तर पर चुनाव कार्य के लिए विभिन्न अधिकारियों को समन्वयक अधिकारी (नोडल अधिकारी) के रूप में नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारी चुनाव संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं और फील्ड ऑफिसर, पुलिस फील्ड ऑफिसर, मतदाता पंजीकरण अधिकारी, केंद्रीय स्तर के अधिकारी और कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए कार्य की योजना बना रहे हैं।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और सहज तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय उप-चुनाव आयुक्त हिरदेश कुमार, मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत देशपांडे, मुंबई शहर जिलाधिकारी संजय यादव, मुंबई उपनगर जिलाधिकारी राजेंद्र क्षीरसागर, मुंबई शहर और उपनगरीय जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी युद्धस्तर पर कार्य को अंजाम देने में लगे हैं। इस अवसर पर स्वीप नोडल अधिकारी फरोग मुकादम, मुंबई शहर के डिप्टी कलेक्टर और उप-जिला चुनाव अधिकारी श्यामसुंदर सुरवसे उपस्थित थे।