khushboo murder gorakhpur
नेटवर्क महानगर/गोरखपुर
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर बाजार में एक विवाहिता की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बुधवार, (1 अप्रैल) की रात मृतका खुशबू गौतम की हत्या उसके कथित प्रेमी सीताराम ने चाकू से गला रेतकर कर दी। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि उसकी तलाश में पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, खुशबू की शादी वर्ष 2022 में गजपुर निवासी उपेंद्र से हुई थी। शादी के बाद सब सामान्य था, लेकिन बाद में उपेंद्र के छोटे भाई जितेंद्र का दोस्त सीताराम घर पर आने-जाने लगा और इसी दौरान खुशबू से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। एक बार दोनों को साथ देख लेने पर परिवार में विवाद बढ़ गया और मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां दोनों को अलग रहने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद भी सीताराम लगातार खुशबू पर संपर्क बनाए रखने का दबाव डालता रहा। 5 मार्च को खुशबू के पति के दुबई जाने के बाद घर का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सामाजिक बदनामी से बचने के लिए दोनों परिवारों ने तय किया कि वे हाथ में गंगाजल लेकर इन संबंधों को खत्म करने की कसम खाएंगे। घटना वाले दिन देवर जितेंद्र ने दोनों को आमने-सामने बैठाकर खुशबू के हाथ में गंगाजल देकर कसम दिलवाई कि अब दोनों के बीच कोई रिश्ता नहीं रहेगा। खुशबू ने कह दिया कि उसका उससे कोई संबंध नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला खुशबू (28) और हत्यारोपी सीताराम (28) के बीच अफेयर था। खुशबू के घरवालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों को समझाया और इस बारे में तीन बार पंचायत भी हुई। सीताराम का घर खुशबू के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर है। इस वजह से खुशबू के देवर जितेंद्र (26) और सीताराम के बीच अच्छी दोस्ती थी। बुधवार, 1 अप्रैल को जितेंद्र ने पहले भाभी से बात की, फिर सीताराम को समझाने के लिए घर पर बुलाया। खुशबू के पति उपेंद्र दुबई में हैं और घर पर देवर जितेंद्र व ससुर प्रकाश मौजूद थे। जितेंद्र ने जब दोनों को आमने-सामने बैठाकर हाथ में गंगाजल लेकर रिश्ता खत्म करने की कसम खाने को कहा, इस पर सीताराम भड़क गया। मगर खुशबू अपने हाथ में गंगा जल लेकर कसम खा ली कि आज से वो सीताराम से दूरी बना लेगी, कभी बात नहीं करेगी।। यह सुनते ही सीताराम आगबबूला हो गया और उसने अपना आपा खो दिया। विवाद के कुछ देर बाद जब खुशबू घर की छत पर टहल रही थी, तभी सीताराम सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंच गया और अचानक धारदार हथियार से खुशबू के गले पर वार कर गला रेत दिया और लहूलुहान हालत में खुशबू को छोड़कर वहां से भाग निकला। देवर जितेंद्र और अन्य लोग उसे तुरंत इलाज के लिए पीएससी लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गांव में भारी तनाव फैल गया। खुशबू के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने सीताराम गौतम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी ने बताया कि दोनों पक्षों में चार माह पहले भी घर में बैठकर पारिवारिक समझौता हुआ था। इसके बाद भी सीताराम अक्सर खुशबू को कॉल कर बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था। उधर, खुशबू के वैवाहिक जीवन में भी दरारें आने लगी थीं। देवर जितेंद्र ने दोनों के बीच में कई बार समझौता भी कराया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और गांव में पुलिस बल तैनात है। मामला गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर कटरा बाजार की है। वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
बता दें कि टरा बाजार निवासी प्रकाश गौतम (58) का एक मकान है, जहां वे अपने दो बेटों उपेंद्र और जितेंद्र के साथ रहते हैं। उपेंद्र की शादी चार साल पहले बांसगांव थाना क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव निवासी खुशबू से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। उपेंद्र इसी साल 6 मार्च को नौकरी के सिलसिले में दुबई गया था। पुलिस ने बताया कि ससुर की तहरीर पर आरोपी सीताराम के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से उसकी पहचान भी कर ली गई है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर वारदात की असली वजह का खुलासा किया जाएगा।
अंतिम संस्कार के दौरान हुआ हंगामा!
पोस्टमार्टम के बाद जब खुशबू का शव गुरुवार शाम ससुराल लाया गया तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। मायके पक्ष के लोग शव के साथ प्रदर्शन करने पर अड़ गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी का मांग करने लगे। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। उनका कहना था कि जान के बदले जान चाहिए। जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, शव नहीं उठाने देंगे। पुलिस के लाख समझाने के बावजूद झड़प की स्थिति बनी रही। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक स्थानीय नेता को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग वहां से हट गए। देर शाम करीब 7 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच खुशबू का अंतिम संस्कार गजपुर स्थित राप्ती नदी के तट पर किया गया, जहां उसके देवर ने उसे मुखाग्नि दी। मौके पर कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
