नेटवर्क महानगर/नयी दिल्ली
दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोनम वांगचुक से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की। नड्डा ने कहा कि सीजेपी के लोग जब भी चाहेंगे, सरकार बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों और पहलुओं पर चर्चा करेगी और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार (22 जुलाई 2026) को कहा कि वो सरकार प्रस्ताव पर बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले झूठ बोला था कि सीजेपी बातचीत करना चाह रही है लेकिन अब सरकार ने खुद बोल दिया है कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है। सीजेपी प्रवक्ता दास ने शर्त रखते हुए कहा कि हम किसी भी नेता के दफ्तर या घर पर मीटिंग नहीं करेंगे। या तो नेता जंतर-मंतर आएं या फिर किसी कॉमन प्लेस पर मीटिंग हो सकती है, जैसे कि कांस्टीट्यूशन क्लब (Constitution Club of India)। उन्होंने कहा कि आज सुबह भी दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हमसे कहा कि सरकार बातचीत करना चाहती है लेकिन हम उनसे बातचीत करने के लिए उनके घर नहीं जाएंगे। सौरव दास ने आगे कहा कि सरकार को विरोध-प्रदर्शन के पहले ही दिन बात कर लेनी चाहिए थी। कल भी सरकार की तरफ से बातचीत का प्रस्ताव आया था। उन्होंने कहा कि हम सभी पढ़े-लिखे लोग हैं, हमे भी पता है बातचीत के जरिए ही हल निकलेगा।
जेपी नड्डा के आवास पर हुई थी बातचीत
गौरतलब है कि केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच सोमवार को पहली बार बातचीत हुई थी, जब केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने उनके डेलीगेशन से बातचीत की और आश्वासन दिया कि सरकार का नेतृत्व उनकी मांगों पर आंतरिक चर्चा करेगा।
सीजेपी ने बताया था कि जेपी नड्डा से उनके नेताओं की मुलाकात उनके आवास पर ही हुई थी। सीजेपी की ओर से आशुतोष रांका और सौरव दास ने 2 घंटों में दो बार उनसे मुलाकात की. प्रदर्शनकारियों की ओर से उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अपनी मांगों वाला एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल थी। आशुतोष राकां ने कहा था कि हमें केवल इतना आश्वासन मिला है कि वह (नड्डा) शीर्ष नेतृत्व से बात करेंगे और चर्चा के निष्कर्ष से हमें अवगत कराएंगे।
बैठक के बाद सरकार ने क्या कहा?
सरकार और CJP के बीच यह पहला सीधा संपर्क उस दिन हुआ, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर मार्च करने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। जेपी नड्डा ने एक बयान में कहा कि उनके द्वारा सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव दिए जाने के बाद उनके साथ बातचीत 11 बजकर 50 मिनट से ही जारी थी। नड्डा ने कहा, बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ शुरुआती मौखिक चर्चा विस्तार से हुई और उन्होंने शाम करीब चार बजे मुझे एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने और स्थिति सामान्य करने में प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया। बैठक के बाद सौरव दास ने एक्स पर लिखा- मंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि वह इस मुद्दे पर उचित स्तर पर चर्चा करेंगे। हालांकि, अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी मांग पूरी होने तक चैन से नहीं बैठेंगे।
