क्रिकेट और स्पोर्टदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

IPL 2020: मुंबई 5वीं बार बनी IPL चैम्पियन, फाइनल में दिल्ली को 5 विकेट से हराया!

दुबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराकर मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड 5वीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने 6वीं बार फाइनल खेला। मुंबई ने इससे पहले 4 बार (2013, 2015, 2017, 2019) में खिताब अपने नाम किया था। वहीं दिल्ली श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली बार फाइनल में पहुंची थी।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। श्रेयस अय्यर (65) और ऋषभ पंत (56) के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम ने 18.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 68 रन रोहित शर्मा ने बनाए। ईशान किशन ने 33 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। नाथन कूल्टर-नाइल ने 2 और जयंत यादव ने 1 विकेट लिया। वहीं दिल्ली के लिए एनरिच नोर्तजे ने 2 जबकि मार्कस स्टोइनिस और कगिसो रबाडा ने एक-एक विकेट चटकाया।

मुंबई की पारी
रोहित के साथ ओपनिंग करने आए क्विंटन डी कॉक (20) ने आक्रामक शुरुआत दी। चार ओवरों में मुंबई ने 45 रन जोड़ लिए। अगले ओवर की पहली ही गेंद पर मार्कस स्टोयनिस ने डी कॉक को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई।रोहित पर असर नहीं पड़ा। वह अपने अंदाज में खेलते रहे। सूर्यकुमार यादव ने भी उनके अंदाज में बल्लेबाजी की। 10 ओवरों में मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 88 रन था।अगले ओवर में रोहित और सूर्यकुमार के बीच में रन लेने को लेकर कन्फ्यूजन हुई जिसमें सूर्यकुमार को अपने विकेट का बलिदान देना पड़ा। उन्होंने 19 रन बनाए।
सूर्यकुमार के बाद रोहित ने अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत के करीब लेते गए। ईशान किशन भी उन्हीं के अंदाज में आक्रामक बल्लेबाजी करने लगे थे। मुंबई को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। यहीं रोहित पवेलियन लौट लिए। एनरिक नॉर्खिया की गेंद पर सब्स्टीट्यूट फील्डर ललित यादव ने उनका बेहतरीन कैच पकड़ा। किरोन पोलार्ड ने आते ही दो चौकों की मदद से नौ रन बनाए। वह 147 के कुल योग पर कगिसो रबादा की गेंद पर बोल्ड हो गए। मुंबई को 17 गेंदों पर 10 रन चाहिए थे। हार्दिक पांड्या (3) जीत से एक रन पहले आउट हो गए। ईशान किशन ने नाबाद 33 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई।

दिल्ली की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 22 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। मैच की पहली ही गेंद पर ट्रेंट बोल्ट ने र्कस स्टोइनिस को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बोल्ट ने अजिंक्य रहाणे को 2 रन पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया। ओपनर शिखर धवन (15) को जयंत यादव ने क्लीन बोल्ड किया। हालांकि इसके बाद श्रेयस अय्यर (65*) और ऋषभ पंत (56) ने पारी को संभालते हुए 96 रन की पार्टनरशिप की। हेटमायर ने 5 और अक्षर पटेल ने 9 रन बनाए।

दोनों टीमें
दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया था। स्पिनर राहुल चाहर की जगह ऑलराउंडर जयंत यादव को टीम में मौका मिला था।

मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, नाथन कूल्टर-नाइल, ट्रेंट बोल्ट, जयंत यादव और जसप्रीत बुमराह।

दिल्ली: शिखर धवन, मार्कस स्टोइनिस, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, प्रवीण दुबे, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा और एनरिच नोर्तजे।