jaunpur news
सौरभ जायसवाल/जौनपुर
जौनपुर रायबरेली राजमार्ग पर प्रतापगंज बाजार के पास बुधवार को दोपहर में दिल्ली से वाराणसी जा रही हाईवे स्टार बस सर्विस की एक एसी टूरिस्ट बस में शॉर्ट शर्किट से लगी आग से बस आग का गोला बन गई। बस में सवार 14 यात्रियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंचे दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस बीच हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर सिकरारा पुलिस मौजूद रही।
दिल्ली निवासी बस चालक कमल के मुताबिक, जब वह गुलजरगंज पहुंचे तो उन्हें कुछ जलने की गंध महसूस हुई। उस समय बस बीच बाजार में थी इसलिए तुरंत बस रोकना घातक हो सकता था। ऐसे में वे बाजार से बाहर आकर बस रोक कर बोनट उठाए तो नीचे आग लगी देख उनके होश उड़ गए। चालक ने यात्रियों को धैर्य से बस से नीचे उतरने को कहा। आग की सूचना पर बस में अफरातफरी मच गई। किसी तरह लोग अपना छोटा सामान पिट्ठू बैग आदि लेकर बस से नीचे कूद पड़े, लेकिन वजन सामन बस की डिक्की व अंदर रह गया, जो आग में जलकर राख हो गया। दोनों तरफ 150 मीटर दूर तक लोग खड़े रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से 10 मीटर दूर ही संजय कुमार अग्रहरि की गुमटी में दुकान थी, जो आग की लपटों की चपेट में आ गई और उसमें रखा हेलमेट, बाइक सीट कवर आदि जल गया। दुकानदार के अनुसार 60 हजार का नुकसान हुआ है। उधर, बस में सफर कर रहे जिले चम्बलतार निवासी शिवाकुमार ने बताया कि जौनपुर में उतरने वाले थे, इसलिए बैग आदि पास ही रख लिए थे। जिससे वह सकुशल बस से नीचे उतर गए।
थानाध्यक्ष उदयप्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर मय फोर्स मौके पर पहुंचकर लोगों को दूर रहने के लिए सावधान किया। आग से बस के टायर फट रहे थे, जिसका मलबा दूर तक जा रहा था। अग्निशमन केंद्र की दो गाड़ियां लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंच कर 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया। सभी यात्री अन्य वाहनों से गंतव्य को चले गए।
