Lalbaugcha Raja 2025 First Look
राजेश जायसवाल/मुंबई
मुंबई के सबसे मशहूर और लोकप्रिय गणपति ‘लालबागचा राजा’ की पहली झलक सामने आ गई है। रविवार (24 अगस्त) को शाम 7 बजे ‘लालबागचा राजा’ की पहली झलक सामने आई। इस झलक में राजा बेहद मनोहारी और कृपा बरसाने वाले नजर आ रहे हैं। मीडिया के लिए फोटो सेशन के समय ही राजा की पहली झलक पाने के लिए पंडाल में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस साल भी लालबागचा राजा का मनमोहक स्वरूप देखकर गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
हालांकि, इस मंडल में अन्य मंडलों की तरह गणपति बप्पा का आगमन समारोह नहीं होता, फिर भी इनका प्रथम दर्शन समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया जाता है। गणेश चतुर्थी से 10 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव के दौरान देश-विदेश से लोग ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन करने आते हैं। ‘लालबागचा राजा’ गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण होता है। लालबागचा राजा की एक झलक पाने के लिए लाखों भक्तों उत्सुक रहते हैं और घंटों कतारों में खड़े रहते हैं।
लालबागचा राजा को न सिर्फ मुंबई बल्कि पूरे देश का ‘राजा’ कहा जाता है। साथ ही, उन्हें ‘नवसालाचा राजा’ और मन्नत का राजा भी कहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भक्त पूरी श्रद्धा से यहां आकर बप्पा का दर्शन-पूजन करता है, ‘राजा’ उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूरी करते हैं। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की स्थापना साल 1934 में हुई थी, जो कि मुंबई के लालबाग-परेल इलाके के स्थित है। सबसे खास बात यह है कि इस साल पहली बार लालबागचा राजा के दरबार की ऊंचाई 50 फीट बढ़ाई गई है। हर साल गणेश चतुर्थी से दो दिन पहले ‘लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल’ द्वारा ‘लालबागचा राजा’ की पहली झलक दिखाई जाती है। इस साल लालबाग में जामनगर के वनतारा की थीम बनाई गई है। साथ ही, दक्षिण भारत के तिरुपति बालाजी मंदिर का दृश्य भी बनाया गया है। राजा का अद्भुत स्वर्ण श्रृंगार किया गया है, जिसमें भगवान गणेश स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान हैं। हर साल की तरह इस साल भी लालबागचा राजा का आकर्षण देखकर लोग भाव विभोर हो गए। इस साल लालबागचा राजा का 92वां साल है।
