नेटवर्क महानगर/नासिक
महाराष्ट्र के नासिक से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी वृद्ध मां की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह मां से ऊब गया था। इसके बाद आरोपी ने खुद ही थाने जाकर आत्मसमर्पण भी कर दिया।
दरअसल, यह पूरी घटना नासिक के जेल रोड स्थित शिवाजी नगर इलाके की है, जहां मंगलवार (7 अक्टूबर 2025) की रात 58 वर्षीय अरविंद मुरलीधर पाटिल ने अपनी 80 वर्षीय मां यशोदाबाई मुरलीधर पाटिल का गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अरविंद खुद नासिक रोड पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारियों से कहा कि ”मैं बोर हो गया था, इसलिए अपनी मां को मार डाला..अब मुझे गिरफ्तार कर लो।” पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और घर की तलाशी ली। घर पहुंचने पर पुलिस को यशोदाबाई का शव मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ नासिक रोड पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मानसिक रूप से बीमार है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी अरविंद उर्फ बालू पाटिल, मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। वह शादीशुदा है, लेकिन उसकी पत्नी उसकी बिगड़ती मानसिक स्थिति के चलते कुछ समय पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की मानसिक स्थिति की भी मेडिकल जांच कराई जा रही है।
